Page Loader
दिल्ली समेत कई राज्यों में AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन, सीट बंटवारे पर सहमति- रिपोर्ट
AAP और कांग्रेस के बीच दिल्ली में गठबंधन हो सकता है

दिल्ली समेत कई राज्यों में AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन, सीट बंटवारे पर सहमति- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Feb 22, 2024
04:51 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल और पंजाब जैसे राज्यों में झटका लगने के बाद INDIA गठबंधन के लिए थोड़ी राहत भरी खबर है। NDTV ने सूत्रों के हवाले से बताया कि लोकसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस में दिल्ली समेत कई राज्यों में सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है। दोनों पार्टियों के बीच इस संबंध में बातचीत अंतिम दौर में है और आज शाम तक इसकी आधिकारिक घोषणा भी हो सकती है।

सीटें

दिल्ली में किसे मिलेंगी कितनी सीटें?

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली की 3 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और 4 पर AAP चुनाव लड़ सकती है। दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी, नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली पर AAP अपने उम्मीदवार सकती है, वहीं चांदनी चौक, पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली की सीट कांग्रेस को मिल सकती है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के घर पर आज ही दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच बैठक हुई है। बता दें कि दिल्ली में लोकसभा की 7 सीटें हैं।

राज्य

इन राज्यों में भी हो सकता है AAP और कांग्रेस का गठबंधन

सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि दिल्ली के अलावा गुजरात, असम और हरियाणा में भी दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। कांग्रेस ने गुजरात में भरूच समेत 2 से 3 तीन सीटें AAP को देने का मन बनाया है। हरियाणा और असम में भी कांग्रेस AAP को एक-एक सीट दे सकती है। गोवा को लेकर भी दोनों पार्टियों में बातचीत चल रही है।

दिल्ली

दिल्ली में कांग्रेस को एक सीट देना चाहती थी AAP

इससे पहले AAP के राष्ट्रीय संगठन मंत्री संदीप पाठक ने कहा था कि गठबंधन के तहत दिल्ली में 6 लोकसभा सीटों पर खुद AAP के चुनाव लड़ने और एक सीट कांग्रेस को देने का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने विधानसभा, लोकसभा और दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा था कि आंकड़ों के लिहाज से तो कांग्रेस का एक भी सीट पर दावा नहीं बनता है।

पंजाब

पंजाब में नहीं हुआ AAP-कांग्रेस में गठबंधन

दोनों पार्टियों के बीच पंजाब में गठबंधन पर सहमति नहीं बन सकी है। पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि AAP पंजाब की 13 और चंडीगढ़ सीट पर जल्द उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेगी। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दोनों पार्टियों ने संयुक्त उम्मीदवार उतारा था, जिसके बाद अटकलें थीं कि लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ सकती हैं। बाद में केजरीवाल ने ये भी कहा था कि हमारे बीच कोई मनमुटाव नहीं है।