परिसीमन को लेकर विपक्ष की 3 मांगें; प्रधानमंत्री बोले- नारी शक्ति से किया वादा पूरा करेंगे
क्या है खबर?
परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन INDIA ने इस संबंध में रणनीति बनाने के लिए बैठक की। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, TMC सांसद अभिषेक बनर्जी और सहयोगी पार्टियों के नेता शामिल हुए। इसके बाद विपक्ष ने सरकार के सामने 3 मांगें रखी हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पुराना वीडियो शेयर कर कहा कि सरकार नारी शक्ति से किया हुआ वादा निभाएगी।
प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री बोले- महिला आरक्षण के रास्ते की हर रुकावट खत्म करेंगे
प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार 'नारी शक्ति' को आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, "नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। मैं भी इसके लिए कोशिश करने वालों में से एक हूं। मैं हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे।'
मांगें
क्या है विपक्ष की मांगें?
कांग्रेस ने कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री खड़गे और नेता विपक्ष श्री राहुल गांधी के साथ INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई। इसमें परिसीमन विधेयक को लेकर चर्चा हुई। हमारी साफ मांग है लोकसभा की वर्तमान संख्या को बरकरार रखा जाए, लोकसभा की वर्तमान संख्या पर महिला आरक्षण दिया जाए और अगले 25 साल तक लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखा जाए।'
खड़गे का बयान
खड़गे बोले- सरकार हमेशा के लिए सत्ता चाहती है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "यह सत्ता अपने हाथ में लेने की कोशिश है। पिछली बार उन्हें दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला था, इसलिए ये मिलकर अब नया नाटक कर रहे हैं। इसलिए हमें मिलकर इसका विरोध करना चाहिए। ये SC और ST के विरोध में है। उनकी महत्वाकांक्षा 400 सीटें पार करने से बढ़कर अब 800 से ज्यादा सीटें हासिल करने तक पहुंच गई है। वे हमेशा के लिए सत्ता में बने रहना चाहते हैं।"
शाह का बयान
अमित शाह ने की पार्टियों से समर्थन की अपील
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'नारी शक्ति को जनप्रतिनिधित्व में भी मजबूत भागीदारी दिलाना मोदी सरकार का संकल्प रहा है। कल केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी के साथ ही महिलाओं का दशकों पुराना इंतजार खत्म होने जा रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को लोकसभा व विधानसभाओं में जो 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था, वह अब साकार होगा। इस ऐतिहासिक पहल का सभी दल समर्थन करें।'
DMK
DMK ने किया समर्थन का ऐलान
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला लिया है। चेन्नई में एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में DMK ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया है।
इसके बाद स्टालिन ने कहा, "जिन 2 मांगों के लिए हमने अप्रैल में परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखकर शामिल किया गया है।"
स्टालिन ने इसे 'सभी दक्षिणी राज्यों की जीत' बताया।