परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी DMK, स्टालिन की अध्यक्षता में प्रस्ताव पारित
क्या है खबर?
परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की राह आसान होती दिख रही है। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने विधेयक का समर्थन करने का फैसला लिया है। चेन्नई में एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में DMK ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया है। बता दें कि DMK के पास 22 सांसद हैं। ये संख्या विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए अहम साबित हो सकती है।
बयान
DMK नेता बोले- जो स्टालिन ने मांगा, सरकार ने दिया
DMK से जुड़े सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि केंद्र सरकार ने पार्टी प्रमुख स्टालिन द्वारा उठाई गई मांगों को पूरा कर दिया है, जिसके चलते वो विधेयक का समर्थन करेगी।
एक सूत्र ने कहा, "जो हमारे नेता ने सरकार से मांगा था, उन्होंने वो दे दिया है।"
स्टालिन की मांग थी कि परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों में तमिलनाडु का 7.18 प्रतिशत हिस्सा बरकरार रहे और राज्यों के बीच सीटों का वितरण 25 वर्षों तक न बदला जाए।
बैठक
विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होंगे स्टालिन
इसी के साथ ये साफ हो गया है कि स्टालिन आज विपक्षी गठबंधन INDIA द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं होंगे। ये बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर होनी है।
वहीं, खबरे हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार (NCP-SP) भी सरकार का समर्थन कर सकती है। NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की भी चर्चाएं हैं।
NCP-SP के लोकसभा में 8 सांसद हैं।