क्राइस्टचर्च टेस्ट: भारत ने गंवाए अपने 6 विकेट, ऐसा रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम की पारी लड़खड़ा गई। हेगले ओवल के मैदान पर न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने दिन के खेल की समाप्ति तक 6 विकेट के नुकसान पर 116 रन बना लिए हैं। स्टंप्स की घोषणा तक फिलहाल क्रीज पर ध्रुव जुरेल (7) बने हुए हैं। आइए दूसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने बनाया 350+ का स्कोर
कल के स्कोर 246/5 से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम को दूसरे दिन ग्लेन फिलिप्स के रूप में जल्दी झटका लगा। वह 247 के टीम स्कोर पर 36 रन बनाकर आउट हुए।
पहले दिन 53* के स्कोर पर नाबाद रहने वाले टॉम ब्लंडेल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ उपयोगी साझेदारियां की और टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया।
इस बीच नाथन स्मिथ (26), काइल जैमिसन (19) और मैट हेनरी (19) ने अहम योगदान दिया।
ब्लंडेल
ब्लंडेल अपने शतक से चूके
न्यूजीलैंड ने जब 110 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब ब्लंडेल क्रीज पर आए थे।
वह अपने टेस्ट करियर 7वें शतक से चूक गए। यह भारतीय टीम के विरुद्ध उनकी सर्वोच्च पारी रही।
वह दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान 89 रन पर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके लगाए।
भारतीय टीम के विरुद्ध उन्होंने अब तक 9 टेस्ट की 16 पारियों में 20.13 की औसत से 302 रन बनाए हैं।
आकाश दीप
आकाश दीप ने चटकाए 5 विकेट
आकाश दीप ने मैच के पहले दिन रचिन रविंद्र को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने विपक्षी कप्तान टॉम लैथम (59) के रूप में दूसरा विकेट लिया। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने दूसरे दिन के दौरान कसी हुई गेंदबाजी की और नाथन स्मिथ और काइल जैमिसन को पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने मैट हेनरी को आउट करते हुए विपक्षी टीम की पारी को समेटा। उन्होंने 31.3 ओवर में 99 रन दिए।
भारत
भारत की पारी लड़खड़ाई
भारत से पारी की शुरुआत करते हुए यशस्वी जायसवाल अपना खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (21), कप्तान शुभमन गिल (17), और विकेटकीपर ऋषभ पंत (23) भी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके।
धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी कर रहे केएल राहुल ने 80 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए।
स्टंप्स की घोषणा से ठीक पहले दिन की आखिरी गेंद पर वाशिंगटन सुंदर 10 रन बनाकर आउट हुए।
जानकारी
भारत के सामने मंडराया फॉलो-ऑन का खतरा
क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड की पहली पारी के जवाब में भारतीय टीम फिलहाल 240 रन से पीछे है। गिल की कप्तानी वाली टीम में फिलहाल फॉलो-ऑन का खतरा मंडरा रहा है।