परिसीमन आयोग में कौन-कौन होगा, कैसे तय होंगी लोकसभा सीटों की सीमाएं?
क्या है खबर?
परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। अगर विधेयक पारित होता है तो इसके तुरंत बाद परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। प्रस्तावित विधेयक के मुताबिक, आयोग में एक अध्यक्ष समेत 3 सदस्य होंगे। अध्यक्ष को केंद्र सरकार नियुक्त करेगी, जो सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या सेवानिवृत्त जज होंगे। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) या उनके द्वारा नामित चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य चुनाव आयुक्त भी सदस्य होंगे।
विधेयक
मेघायल और नागालैंड के लिए विशेष इंतजाम
विधेयक में कहा गया है कि अनुच्छेद 243 के तहत राज्यपाल द्वारा नियुक्त राज्य चुनाव आयुक्त आयोग के सदस्य होंगे।
हालांकि, मेघालय और नागालैंड के लिए राज्यपाल द्वारा मनोनीत व्यक्ति राज्य चुनाव आयुक्त के रूप में काम करेंगे।
केंद्र सरकार एक अधिसूचना के जरिए आयोग का कार्यकाल तय करेगी। अगर जरूरत पड़ी और आयोग अनुरोध करता है तो कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है।
राज्य
आयोग में हर राज्य से सांसद-विधायक होंगे सलाहकार
आयोग में राज्यों को प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था भी की गई है।
लोकसभा स्पीकर हर राज्य से 5 सांसदों को बतौर सलाहकार नियुक्त करेंगे। इसी तरह विधानसभा स्पीकर 5 विधायकों की नियुक्ति करेंगे। इसके लिए लोकसभा स्पीकर के पास 2 महीने और विधानसभा स्पीकर के पास एक महीने का वक्त होगा।
इन सलाहकारों को मतदान का अधिकार नहीं होगा, लेकिन आयोग इनकी राय और सलाह को अपनी रिपोर्ट में जगह देगा।
प्रक्रिया
कैसे निर्धारित होगी लोकसभा सीटों की सीमा?
हर राज्य की लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ेगी। इसके लिए परिसीमन आयोग हर सीटों की सीमा निर्धारित करेगा। हर विधानसभा सीट पूरी तरह से एक ही लोकसभा सीट के अंतर्गत आएगी।
लोकसभा सीट की सीमा निर्धारित करते समय भोगौलिक आकार, वर्तमान प्रशासनिक सीमा जैसी बातों का ध्यान रखा जाएगा।
जहां आरक्षित श्रेणी की आबादी ज्यादा होगी, वहां सीटें आरक्षित की जाएंगी।
सीमाओं का निर्धारित जनगणना के ताजा आंकड़ों के हिसाब से होगा।
शक्तियां
आयोग को क्या-क्या शक्तियां मिलेंगी?
आयोग को एक सिविल कोर्ट के जैसी शक्तियां मिलेंगी। वो गवाहों, सार्वजनिक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों को तलब कर सकेगा।
आयोग को अंतिम रिपोर्ट प्रकाशित करने से पहले हर राज्य में विशेष बैठकें करने, हितधारकों की राय जानने और जरूरत पड़ने पर आम लोगों से भी सलाह लेने का अधिकार होगा।
आयोग के आदेशों को किसी भी कोर्ट में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। हालांकि, बाद में चुनाव आयोग इनमें संशोधन कर सकेगा, लेकिन सीमा निर्धारत दोबारा नहीं होगा।
बयान
जम्मू-कश्मीर के लिए होंगे विशेष प्रावधान
हिंदुस्तान टाइम्स से एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान हैं क्योंकि यह अब एक केंद्र शासित प्रदेश है। विधेयकों के पारित होने के तुरंत बाद परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा और 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए आरक्षण लागू किया जाएगा।"
अगर PoK का इलाका पाकिस्तान के कब्जे से मुक्त हो जाता है, तो वहां विधानसभा सीटों का निर्धारण करने के लिए चुनाव आयोग ही परिसीमन आयोग के तौर पर काम करेगा।