Page Loader
बिहार में बड़े 'तख्तापलट' की तैयारी में INDIA गठबंधन, चिराग पासवान को 8 सीटों की पेशकश
INDIA गठबंधन ने चिराग पासवान को बिहार में 8 सीटों का ऑफर दिया है

बिहार में बड़े 'तख्तापलट' की तैयारी में INDIA गठबंधन, चिराग पासवान को 8 सीटों की पेशकश

लेखन आबिद खान
Mar 07, 2024
11:16 am

क्या है खबर?

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच विपक्षी गठबंधन INDIA भी सक्रिय हो गया है। खबर है कि INDIA ने लोक जनशक्ति पार्टी (LJP रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को राज्य में 8 और उत्तर प्रदेश में 2 लोकसभा सीटों की पेशकश की है। NDTV ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि चिराग NDA में सीट बंटवारे को लेकर खुश नहीं हैं।

सीटें

चिराग को कौन-कौन-सी सीटें मिल सकती हैं?

रिपोर्ट के मुताबिक, INDIA गठबंधन ने बिहार की वो सभी सीटें चिराग को देने का प्रस्ताव दिया है, जिन पर अविभाजित LJP ने पिछला लोकसभा चुनाव लड़ा था। बता दें कि 2019 में LJP ने NDA में रहते हुए 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके अलावा बिहार में LJP की पकड़ वाली 2 और सीटें देने की पेशकश भी की गई है। उत्तर प्रदेश में भी LJP को 2 सीटें दिए जाने की खबर है।

NDA

NDA में चिराग को मिल सकती हैं 6 सीटें

NDA में सीट बंटवारे के तहत बिहार में चिराग को 6 सीटें मिल सकती हैं। इसमें भी शर्त है कि चिराग को इन सीटों को अपने चाचा पशुपति कुमार पारस के साथ साझा करना होगा। बता दें कि राम विलास पासवान के निधन के बाद उनके भाई पशुपति पारस ने तख्तापलट कर दिया था, जिससे LJP 2 धड़ों में बंट गई थी। चिराग वाला गुट LJP रामविलास और पशुपति पारस वाला राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी कहलाया।

नाराजगी

NDA से खफा हैं चिराग?

चिराग और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खींचतान नई नहीं है। नीतीश से मतभेदों के बाद 2020 में चिराग ने NDA से नाता तोड़ लिया था। कहा जाता है कि LJP में जो विभाजन हुआ, उसकी पटकथा भी नीतीश ने ही लिखी थी। बाद में चिराग NDA में लौटे और अब हाल ही में नीतीश भी NDA में शामिल हो गए हैं। इस वजह से चिराग NDA में तालमेल नहीं बैठा पा रहे हैं।

असर

चिराग के दल-बदल से क्या असर होगा?

लोकसभा सीटों की संख्या के लिहाज से बिहार चौथे नंबर पर है। कभी INDIA गठबंधन के अगुवा रहे नीतीश अब NDA में चले गए हैं, इस वजह से विपक्षी गठबंधन यहां नए विकल्प तलाश रहा है। अगर चिराग INDIA के साथ आते हैं तो गठबंधन को थोड़ी संजीवनी मिलेगी। हालांकि, NDA में रहते हुए पिछले चुनाव में LJP ने 6 सीटें जरूर जीती थीं, लेकिन अब पार्टी टूट चुकी है और कई सीटों पर दोनों गुटों के बीच मतभेद हैं।

जानकारी

भाजपा और JDU में सीटों पर बनी सहमति 

भाजपा और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत आखिरी दौर में है। JDU नेता केसी त्यागी ने NDTV से कहा कि JDU और भाजपा अपनी-अपनी जीती हुई सीटों पर चुनाव लड़ेंगी और दूसरी पार्टियों को बाकी बची सीटें दी जाएंगी।