Page Loader
पश्चिम बंगाल: संदेशखाली में TMC नेताओं द्वारा महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न का मामला क्या है?
संदेशखाली में स्थानीय महिलाओं ने TMC नेता शाहजहां शेख पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं

पश्चिम बंगाल: संदेशखाली में TMC नेताओं द्वारा महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न का मामला क्या है?

लेखन नवीन
Feb 12, 2024
07:50 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में कुछ दिनों से हिंसा जारी है और यहां उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में पुलिस प्रशासन ने धारा 144 लागू की है। यहां बीते दिनों तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता शाहजहां शेख समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं। इसके बाद से यहां माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। आइए जानते हैं कि संदेशखाली में हिंसा से जुड़ा ये पूरा मामला क्या है।

मामला

क्यों संदेशखाली में मचा है बवाल?

हाल ही में संदेशखाली में स्थानीय TMC नेताओं के विरोध में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया था। उनका आरोप है कि TMC के नेताओं ने जबरन उनकी जमीनें हड़पीं और उनका यौन शोषण करते हैं। इससे पहले यहां एक स्थानीय महिला का वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें पीड़िता ने आरोप लगाए कि TMC के लोग जवान लड़कियों और महिलाओं को उठाकर पार्टी कार्यालय में ले जाते हैं और उनका यौन उत्पीड़न करते हैं।

तूल

मामले ने कहां से पकड़ा तूल?

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने महिलाओं के यौन शोषण की रिपोर्ट्स का संज्ञान लिया और पश्चिम बंगाल पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करने का आदेश दिया। 10 फरवरी को NCW ने महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रिपोर्ट की निंदा करते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया। साथ ही 48 घंटे के भीतर एक विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी। NCW ने राज्य स्तर पर अपनी एक जांच समिति भी गठित की है।

भाजपा

भाजपा का ममता सरकार पर क्या है आरोप? 

11 फरवरी को भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा आरोपी नेता शाहजहां और उनके गिरोह को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां हिंदू महिलाओं पर अत्याचार किया जा रहा है और महिलाओं ने जब विरोध का साहस जुटाया तो TMC के गुंडों ने पुलिस की सांठगांठ से प्रदर्शनकारियों पर हमला किया और यहां धारा 144 लगा दी। मामले में भाजपा ने राज्यव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया।

निलबंन

सुवेंदु समेत 6 भाजपा विधायक निलंबित, राज्यपाल पहुंचे संदेशखाली

सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु ने संदेशखाली के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और TMC सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्पीकर ने सुवेंदु समेत 6 भाजपा विधायकों को 'असंसदीय आचरण' के आरोप में शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया। दूसरी ओर केरल दौरे से लौटे राज्यपाल सीवी आनंद ने आज संदेशखाली का दौरा किया और स्थानीय महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वे पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की हरसंभव कोशिश करेंगे।

शाहजहां

5 जनवरी से फरार है TMC नेता शाहजहां

5 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम राशन वितरण घोटाले की जांच के संबंध में संदेशखाली में TMC नेता शाहजहां के आवास पर पहुंची थी। इस दौरान उनके समर्थकों ने ED टीम पर हमला कर दिया और घटना के बाद से शाहजहां फरार हैं। मामले में ED ने शाहजहां से खिलाफ समन जारी किया है। इसके बाद शाहजहां ने सोमवार को अपने वकील के माध्यम से एक विशेष अदालत के समक्ष अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की।

केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ममता सरकार को घेरा

इस बीच संदेशखाली हिंसा पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "ममता सरकार हिंदुओं के नरसंहार के लिए जानी जाती हैं। क्या वह अब अपने लोगों को TMC कार्यालय में विवाहित हिंदू महिलाओं के बलात्कार करने की अनुमति देंगी? जिस स्थानीय नेता शेख शाहजहां पर महिलाओं ने बलात्कार के आरोप लगाए हैं, वो कौन है और अभी कहां है। इसका जवाब बंगाल सरकार को देना होगा।"