Page Loader
बाबा सिद्दीकी की हत्या: विपक्ष ने सरकार को घेरा, कांग्रेस समेत दूसरी पार्टियों ने क्या कहा? 
बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद विपक्षी पार्टियों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं

बाबा सिद्दीकी की हत्या: विपक्ष ने सरकार को घेरा, कांग्रेस समेत दूसरी पार्टियों ने क्या कहा? 

लेखन आबिद खान
Oct 13, 2024
01:50 pm

क्या है खबर?

अजीत पवार गुट वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुंबई के पॉश इलाके में हुई इस घटना के बाद कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार निशाने पर है। सिद्दीकी के पास Y श्रेणी की सुरक्षा थी, इसके बावजूद उनकी हत्या को लेकर विपक्षी पार्टियों ने महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आइए जानते हैं किस पार्टी ने क्या कहा।

राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा- घटना ने कानून व्यवस्था की पोल खोली

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'बाबा सिद्दीकी जी का अचानक निधन चौंकाने और दुखी करने वाला है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। इस भयावह घटना ने महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।'

खड़गे

खड़गे बोले- जवाबदेही तय हो

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री श्री बाबा सिद्दीकी का दुखद निधन शब्दों से परे सदमा पहुंचाने वाला है। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए और वर्तमान महाराष्ट्र सरकार को गहन और पारदर्शी जांच का आदेश देना चाहिए। दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। जवाबदेही सर्वोपरि है।'

शरद पवार 

शरद पवार ने भी सरकार को घेरा

NCP शरद गुट के प्रमुख शरद पवार ने कहा, 'प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था चिंता का विषय है। आर्थिक राजधानी मुंबई में पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या करना दुखद है। अगर गृह मंत्री और शासक राज्य की गाड़ी को इतनी नरमी से आगे बढ़ाएंगे तो यह आम लोगों के लिए खतरे की घंटी हो सकती है। इसकी न सिर्फ जांच की जरूरत है, बल्कि जिम्मेदारी स्वीकार कर शासकों के पद से हटने की भी जरूरत है।'

ओवैसी

ओवैसी ने भी उठाए सवाल

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'बाबा सिद्दीकी की हत्या बेहद निंदनीय है। यह महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को दर्शाता है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के साथ हैं।' महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, "यह महाराष्ट्र सरकार द्वारा अपराधियों को दिए जाने वाले समर्थन का नतीजा है। इससे साफ है कि बाबा सिद्दीकी जैसा व्यक्ति भी सुरक्षित नहीं है।"

NCP

अपनों के ही निशाने पर राज्य सरकार

सिद्दीकी की हत्या के बाद राज्य सरकार अपने ही सहयोगियों के निशाने पर है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार गुट की NCP के नेता प्रमोद हिंदूराव ने कहा, "इस समय महाराष्ट्र में जो कुछ भी चल रहा है, वह सही नहीं है। जिस-जिसको सुरक्षा की जरूरत है, उसके लिए हम मुख्यमंत्री से बात करेंगे। बाबा सिद्दीकी के जाने से पार्टी को काफी नुकसान हुआ है। हम सभी को मिलकर अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ लड़ना होगा।"