अभिषेक बच्चन की बड़ी बात- भारत को 'स्क्विड गेम' की जरूरत नहीं, हम 'धुरंधर' बनाते हैं
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा और वैश्विक कंटेंट की तुलना पर छिड़ी बहस के बीच अभिनेता अभिषेक बच्चन ने दो टूक शब्दों में अपनी बात रखी है। अक्सर पूछे जाने वाले सवाल 'भारत अपना 'स्क्विड गेम' कब बनाएगा?' को अभिषेक ने पूरी तरह से 'भ्रामक और गलत' करार दिया है। हाल ही में एक इवेंट के दौरान अभिषेक ने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' का उदाहरण देते हुए साफ-साफ कह दिया कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री दुनिया की सबसे बड़ी इंडस्ट्री है।
खरी-खरी
भारत को किसी की नकल की जरूरत नहीं- अभिषेक
अभिषेक ने भारतीय सिनेमा का पक्ष लेते हुए बड़ी बातें कहीं। उन्होंने कहा, "ये पूछना ही गलत है कि भारत अपना 'स्क्विड गेम' कब बनाएगा? हमें किसी और की नकल करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हम 'धुरंधर' जैसी फिल्में बनाते हैं। भारत दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री है। जितने टिकट यहां बिकते हैं और जितनी बड़ी संख्या में भारतीय सिनेमाघरों में फिल्में देखने जाते हैं, उसके सामने विदेशी शो के आंकड़े भी फीके पड़ जाते हैं।"
दो टूक
लहर की तरह आने वाले चलन में हम नहीं फंसना चाहते- अभिषेक
कोरियाई शो और फिल्मों की व्यूअरशिप और आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए अभिनेता ने आगे कहा, "उनकी व्यूअरशिप क्या है? वो आंकड़े क्या हैं? जब आप उनकी तुलना सिनेमाघरों में जाने वाले भारतीयों की संख्या से करेंगे तो वे (कोरियाई आंकड़े) फीके पड़ जाएंगे। फिर आप किस तरह के नंबर हासिल करके वो चीज बनाना चाहते हैं, जो लहर की तरह आए और तुरंत चली जाए। मुझे नहीं लगता कि हम महज एक अल्पकालिक चलन बनकर रहना चाहते हैं।"
धमाल
'धुरंधर' ने किया धमाका
5 दिसंबर को सिनेमाघरों में आई 'धुरंधर' का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। इस फिल्म में रणवीर के साथ-साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म की कहानी पाकिस्तान के कराची स्थित ल्यारी कस्बे पर आधारित है, जो अपने गैंगवार और हिंसक आपराधिक इतिहास के लिए जाना जाता है। भारत में फिल्म लगभग 900 करोड़ तो दुनियाभर में 1,300 करोड़ रुपये कमा चुकी है।
आगामी फिल्म
'किंग' में नजर आएंगे अभिषेक
काम के मोर्चे पर बात करें तो अभिषेक को आखिरी बार मधुमिता की फिल्म 'कालीधर लापता' में देखा गया था। अब फैंस को उनकी अगली फिल्म 'किंग' का बेसब्री से इंतजार है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अभिषेक एक जबरदस्त स्टार-कास्ट के साथ नर आएंगे। फिल्म में अभिषेक को शाहरुख खान के साथ भिड़ते देखा जाएगा। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स के बैनर तले बन रही ये फिल्म इसी साल के अंत में रिलीज होगी।