LOADING...
बाइटडांस का नया AI मॉडल हॉलीवुड के लिए क्यों बना खतरा? हर तरफ हो रही आलोचना
बाइटडांस ने पिछले दिनों वीडियो जनरेशन टूल सीडेंस 2.0 पेश किया था

बाइटडांस का नया AI मॉडल हॉलीवुड के लिए क्यों बना खतरा? हर तरफ हो रही आलोचना

Feb 15, 2026
10:28 am

क्या है खबर?

हॉलीवुड संगठन बाइटडांस के नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो मॉडल सीडेंस 2.0 का कड़ा विरोध कर रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि यह तेजी से बड़े पैमाने पर कॉपीराइट उल्लंघन का जरिया बन गया है। इस सप्ताह की शुरुआत में पेश किया गया है यह अपडेटेड मॉडल फिलहाल बाइटडांस के जियानयिंग ऐप के चीनी यूजर्स के लिए उपलब्ध है। कंपनी का कहना है कि यह जल्द ही दुनियाभर में उसके कैपकट ऐप के यूजर्स के लिए भी उपलब्ध होगा।

सुविधा 

मॉडल में मिलती है यह सुविधा

OpenAI के सोरा की तरह ही सीडेंस भी यूजर्स को आसान टेक्स्ट प्रॉम्प्ट का उपयोग करके शॉर्ट वीडियो बनाने की सुविधा देता है। इन वीडियो की अवधि 15 सेकेंड तक सीमित है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म उद्योग में चिंताएं फैलती जा रही हैं। लॉन्च के तुरंत बाद ही यूजर्स ने असली अभिनेताओं और कॉपीराइट वाले किरदारों को दर्शाने वाले वीडियो शेयर करना शुरू कर दिया, जिससे सवाल उठने लगे कि टूल में कितनी निगरानी या कंटेंट कंट्रोल लागू करता है।

शुरुआत 

इस वीडियो के वायरल होने के बाद बढ़ी चिंता 

मॉडल के जरिए बनाया गया एक शॉर्ट वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें टॉम क्रूज और ब्रैड पिट के बीच लड़ाई का एक मनगढ़ंत वीडियो दिखाया गया, जिसे कथित तौर पर एक संक्षिप्त प्रॉम्प्ट का उपयोग करके बनाया गया था। इस वीडियो पर हॉलीवुड फिल्म डेडपूल के पटकथा लेखक रेट रीस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा, "मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है। शायद, अब हमारा भविष्य अंधकारमय है।"

Advertisement

खतरा 

मॉडल से क्या है खतरा?

मोशन पिक्चर एसोसिएशन ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) चार्ल्स रिवकिन की ओर से एक बयान जारी कर बाइटडांस से अपना उल्लंघनकारी कार्य तुरंत बंद करने का आह्वान किया गया है। रिवकिन ने सीडेंस 2.0 पर अमेरिकी कॉपीराइट वाले कार्यों का बड़े पैमाने पर अनधिकृत उपयोग करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही चेतावनी दी कि प्रभावी सुरक्षा उपायों की कमी कॉपीराइट कानून को कमजोर करती है और लाखों अमेरिकी नौकरियों को खतरे में डालती है।

Advertisement

नोटिस 

डिज्नी ने कंपनी को भेजा नोटिस 

हॉलीवुड यूनियनों और व्यापार समूहों के गठबंधन का प्रतिनिधित्व करने वाले ह्यूमन आर्टिस्ट्री कैंपेन ने इस मॉडल को दुनियाभर के हर क्रिएटर पर हमला बताया। अभिनेताओं के संघ SAG-AFTRA ने भी सीडेंस 2.0 द्वारा किए जा रहे इस स्पष्ट उल्लंघन की निंदा की। रिपोर्ट्स के अनुसार, सीडेंस द्वारा निर्मित वीडियो में डिज्नी के स्वामित्व वाले पात्र- स्पाइडर मैन, डार्थ वेडर और ग्रोगू शामिल हैं। बताया जाता है कि इसी वजह से डिज्नी ने बाइटडांस को एक नोटिस भेजा है।

Advertisement