बांग्लादेश: 17 फरवरी को तारिक रहमान का शपथ ग्रहण समारोह, क्या प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे?
क्या है खबर?
बांग्लादेश के आम चुनाव में जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रमुख तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। वे 17 फरवरी को ढाका में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता मिला है। हालांकि, अभी तक भारत सरकार ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही प्रधानमंत्री के समारोह में शामिल होने के लेकर कोई फैसला सामने आया है।
अन्य देश
13 राष्ट्र प्रमुखों को भेजा गया न्योता
रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने तारिक के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए 13 देशों के प्रमुखों को न्योता भेजा है। इनमें भारत के अलावा चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के ढाका में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होना लगभग तय है।
प्रधानमंत्री मोदी
क्या समारोह में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी?
हिंदुस्तान टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के ढाका जाने की संभावना कम है, क्योंकि 17 फरवरी को वे मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं। मैक्रों अगले हफ्ते AI इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए भारत आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, तारिक के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं, संभवतः उपराष्ट्रपति या विदेश मंत्री।
बयान
तारिक बोले- बांग्लादेश के हितों को प्राथमिकता देंगे
जीत के बाद तारिक ने अपने पहले भाषण में एकता का आह्वान किया और लोकतांत्रिक मूल्यों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश एक नई यात्रा शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ऐसी स्थिति में जहां सत्तावादी शासन द्वारा छोड़ी गई अर्थव्यवस्था बेहद नाजुक है।" जब उनसे भारत-बांग्लादेश संबंधों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "बांग्लादेश और उसके लोगों के हित ही हमारी विदेश नीति का निर्धारण करेंगे।"
संबोधन
तारिक के पहले संबोधन की बड़ी बातें
चीन बांग्लादेश का विकास में सहयोगी है, उम्मीद है भविष्य में दोनों देश मिलकर काम करते रहेंगे। SAARC की शुरुआत बांग्लादेश ने की थी, इसलिए हम इसे फिर से शुरू करना चाहते हैं। देश में शांति बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून सभी पर बराबरी से लागू होगा। रास्ते और विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के हित में सभी को साथ रहना होगा।
नतीजे
बांग्लादेश में 20 साल बाद BNP की जीत
बांग्लादेश की 300 संसदीय सीटों पर हुए चुनाव में BNP गठबंधन ने 212 सीटें हासिल कर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 77 सीटें मिली हैं। इसी के साथ बांग्लादेश में 20 साल बाद BNP की सरकार बनने जा रही है और 35 साल बाद तारिक के तौर पर कोई पुरुष देश का प्रधानमंत्री बनेगा। तारिक ने 2 सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की है।