Page Loader
अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में चूक, पदयात्रा के दौरान फेंका गया तरल पदार्थ
अरविंद केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान तरल पदार्थ फेंका गया

अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में चूक, पदयात्रा के दौरान फेंका गया तरल पदार्थ

लेखन आबिद खान
Nov 30, 2024
06:37 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। ग्रेटर कैलाश इलाके में पदयात्रा के दौरान एक शख्स ने केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंकने की कोशिश की। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने शख्स को पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी शख्स की जमकर पिटाई भी कर दी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने घटना के पीछे भाजपा का हाथ होने के आरोप लगाए हैं।

बयान

AAP ने भाजपा पर लगाया आरोप

AAP ने लिखा, 'बेशर्म भाजपा ने फिर करवाया केजरीवाल जी पर हमला। दिल्ली की बिगड़ी कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने पर पदयात्रा के दौरान भाजपा ने केजरीवाल जी पर हमला करवाया। अमित शाह की नाकामी फिर जग जाहिर हुई है, दिल्ली में कानून का राज़ नहीं भाजपाई गुंडो का राज है। राजधानी में एक पूर्व मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी का क्या होगा? BJP के राज में दिल्ली की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।'

सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज बोले- गृह मंत्री कुछ नहीं कर रहे

घटना को लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "भाजपा नेता सभी राज्यों में रैलियां निकालते हैं, उन पर कभी हमला नहीं होता। अरविंद केजरीवाल पर लगातार हमले हो रहे हैं। नांगलोई और छतरपुर में उन पर हमला हुआ। दिल्ली में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और केंद्र सरकार और गृह मंत्री कुछ नहीं कर रहे हैं।" कुछ दिनों पहले पदयात्रा के दौरान ही केजरीवाल के साथ धक्का-मुक्की हुई थी।