Page Loader
INDIA गठबंधन से अलग हुई AAP, संसद और विधानसभा चुनावों में क्या होगा असर?
AAP ने औपचारिक रूप से INDIA गठबंधन से अलग होने का ऐलान किया है

INDIA गठबंधन से अलग हुई AAP, संसद और विधानसभा चुनावों में क्या होगा असर?

लेखन आबिद खान
Jul 18, 2025
05:06 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) ने विपक्षी गठबंधन INDIA से अलग होने का ऐलान कर दिया है। AAP लोकसभा चुनाव के बाद से ही गठबंधन से दूर चल रही थी। हाल ही में पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। पार्टी ने ये घोषणा ऐसे वक्त की है, जब संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है। आइए जानते हैं इसका क्या असर हो सकता है।

घोषणा

AAP ने गठबंधन से अलग होने को लेकर क्या कहा?

AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, "INDIA गठबंधन का गठन विशेष रूप से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए किया गया था। गठबंधन की वजह से विपक्षी पार्टियों को 240 सीटें मिलीं, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। AAP अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। फिलहाल जनता के सामने भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे के विरोधी बनने का नाटक करते हैं, लेकिन असल में दोनों ने आपस में गुप्त गठबंधन कर रखा है।"

बैठक

INDIA की बैठक में भी शामिल नहीं होगी AAP

21 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इसकी रणनीति बनाने के लिए INDIA ने आज शाम एक ऑनलाइन बैठक बुलाई है। कल यानी 19 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर भी एक अहम बैठक होनी है। AAP इसमें भी शामिल नहीं होगी। तृणमूल कांग्रेस (TMC) भी बैठक में शामिल नहीं होगी, लेकिन उसने अपने वार्षिक आयोजन की तैयारियां में व्यस्त होने का हवाला दिया है।

असर

क्या संसद में कमजोर होगी विपक्ष की आवाज?

फिलहाल AAP के पास 8 राज्यसभा और 3 लोकसभा सांसद हैं। पार्टी के अलग होने से निश्चित तौर पर संसद में विपक्ष की आवाज को झटका लगेगा। इसके अलावा AAP के कई नेता संसद में मुखर होकर बोलते रहे हैं और मोदी सरकार की नीतियों का विरोध करते रहे हैं। खुद सांसद संजय सिंह विपक्ष की मुखर आवाज माने जाते हैं। ऐसे में सदन में विपक्षी एकता पर इसका असर पड़ना तय है।

बिहार चुनाव

बिहार चुनाव पर भी पड़ सकता है असर

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। यहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की अगुवाई वाले महागठबंधन और भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में मुख्य मुकाबला है। AAP ने ऐलान किया है कि वो बिहार चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। इसके अलावा केजरीवाल ने ये भी कहा था कि पंजाब और गुजरात में भी उनकी पार्टी अकेले लड़ेगी और सरकार बनाएगी। इससे कई पार्टियों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।

INDIA

INDIA गठबंधन के बारे में जानिए

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले NDA का मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त मोर्चे के तौर पर INDIA का गठन हुआ था। बिहार की राजधानी पटना में गठबंधन की पहली बैठक हुई थी। शुरुआत में नीतीश कुमार गठबंधन के अगुवा थे, लेकिन चुनाव से ऐन वक्त पहले वे पाला बदलकर NDA में शामिल हो गए थे। तब से कांग्रेस इसका नेतृत्व कर रही है। AAP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव भी अलग लड़ा था।