Page Loader
AAP पार्षद पवन सहरावत भाजपा में शामिल, बोले- पार्टी बना रही थी हंगामा करने का दबाव
AAP पार्षद पवन सहरावत भाजपा में हुए शामिल

AAP पार्षद पवन सहरावत भाजपा में शामिल, बोले- पार्टी बना रही थी हंगामा करने का दबाव

Feb 24, 2023
01:52 pm

क्या है खबर?

दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद पवन सहरावत शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। बवाना से पार्षद चुने गए सहरावत को दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी की सदस्यता दिलवाई। गौरतलब है कि दिल्ली के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होने के बाद स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के दौरान AAP और भाजपा पार्षदों के बीच हाथापाई हुई थी।

बयान 

AAP में भ्रष्टाचार से हो रही थी घुटन- सहरावत 

पवन सहरावत ने भाजपा में शमिल होने के बाद आरोप लगाया कि AAP में हो रहे भ्रष्टाचार के कारण उनको घुटन महसूस हो रही थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव होने के बाद AAP द्वारा पार्टी के पार्षदों पर दिल्ली नगर निगम के सदन में हंगामा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि और भी AAP पार्षद भाजपा में शमिल हो सकते हैं।

आंकड़े 

क्या कहते हैं आंकड़े? 

स्थायी समिति के छह सदस्यों के लिए AAP की तरफ से 4, जबकि भाजपा की तरफ से 3 पार्षद मैदान में हैं। MCD अधिनियम के अनुसार, स्थायी समिति के सदस्य के लिए चुनाव लड़ रहा कोई भी प्रत्याशी 35 वोट मिलने पर निर्वाचित हो सकता है। सहरावत के शामिल होने के बाद भाजपा के पार्षदों की कुल संख्या 105 हो गई है। इसके चलते भाजपा के तीन पार्षद स्थायी समिति के सदस्य के तौर पर चुनाव जीत सकते हैं।

उम्मीदवार 

किस पार्टी का कौन है उम्मीदवार? 

MCD की स्थायी समिति के 6 सदस्यों के चुनाव के लिए 7 प्रत्याशी मैदान में हैं। श्री राम कॉलोनी वार्ड से पार्षद आमिल मलिक, फतेह नगर वार्ड से पार्षद रमिंदर कौर, सुंदर नगरी वार्ड से पार्षद मोहिनी जीनवाल और दरियागंज वार्ड से पार्षद सारिका चौधरी AAP के उम्मीदवार हैं। भाजपा की ओर से द्वारका-बी वार्ड से पार्षद कमलजीत सहरावत और झिलमिल वार्ड से पार्षद पंकज लूथरा और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए गजेंद्र सिंह दराल उम्मीदवार हैं।

हंगामा 

बुधवार को सदन में देर रात तक चला था हंगामा 

दिल्ली नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होने के बाद स्थायी समिति के 6 सदस्यों के चुनाव को लेकर सदन में बुधवार देर रात तक जमकर हंगामा हुआ था। AAP और भाजपा पार्षदों के बीच जमकर मारपीट होने के साथ-साथ सदन में बोतलें फेंकी गई थीं और मतपेटियों को पलट दिया गया था। हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही को 24 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।

जीत

शैली ओबरॉय ने जीता था मेयर का चुनाव 

MCD चुनाव में AAP की उम्मीदवार शैली ओबरॉय दिल्ली की नई मेयर चुनी गई थीं। उन्होंने बुधवार को हुए मतदान में अपनी प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया। ओबरॉय को 150 वोट मिले थे, जबकि गुप्ता 116 वोट ही हासिल कर सकी थीं। गौरतलब है कि दिल्ली को 10 साल में पहली बार महिला मेयर मिली है। वहीं AAP प्रत्याशी आले मोहम्मद इकबाल डिप्टी मेयर चुने गए हैं।