LOADING...
जैकलीन फर्नांडिस जितना फिट शरीर पाना चाहती हैं? पोल वर्कआउट कर सकता है मदद

जैकलीन फर्नांडिस जितना फिट शरीर पाना चाहती हैं? पोल वर्कआउट कर सकता है मदद

लेखन सयाली
Aug 03, 2025
02:13 pm

क्या है खबर?

जैकलीन फर्नांडिस की अदाएं, डांस और खूबसूरती देखकर लोग उनके मुरीद हो जाते हैं। उनका नाम बॉलीवुड की सबसे मशहूर अभिनेत्रियों में शुमार होता है और उनके जैसा फिट शरीर पाना हर महिला का सपना होता है। वह सेहतमंद रहने के लिए नियमित रूप से वर्कआउट करती हैं और अलग-अलग प्रकार की एक्सरसाइज आजमाती हैं। जैकलीन ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह पोल वर्कआउट करती नजर आ रही हैं।

पोल वर्कआउट

क्या होता है पोल वर्कआउट?

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में जैकलीन पोल पर विभिन्न प्रकार की एक्सरसाइज करती दिख रही हैं। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "पूरी ताकत और ट्रेनिंग। बेहद मुश्किल, लेकिन एक बार उड़ान भरने के बाद यह सब सार्थक हो जाता है। सदियों बाद वापसी।" पोल वर्कआउट पूरे शरीर की एक्सरसाइज है, जिसमें एक पोल का उपयोग करके नृत्य, जिमनास्टिक और कलाबाजी की जाती है। इससे शक्ति, लचीलापन, संतुलन और समन्वय सुधरता है।

#1

बेहतर होता है लचीलापन और समन्वय

पोल वर्कआउट में कई डांस मूव और एक्सरसाइज शामिल होती हैं। ये शरीर को लचीला बनाने में मदद करती हैं और समन्वय को भी बढ़ाती हैं। पोल वर्कआउट खास तौर से उन लोगों के लिए बेहतरीन होता है, जो डांस करते हैं। पोल वर्कआउट के लिए सटीक शारीरिक संरेखण, नियंत्रित गति और शरीर के विभिन्न अंगों को एक साथ हिलाने की क्षमता की जरूरत होती है। इससे शक्ति और लचीलेपन का समावेश बेहतर होता है और समन्वय भी बढ़ता है।

#2

ताकत बढ़ने के साथ होता है मांसपेशियों का विकास

पोल वर्कआउट करते समय कई मांसपेशियां सक्रीय होती हैं। इससे शरीर की संपूर्ण ताकत में वृद्धि होती है और मांसपेशियां भी मजबूत हो जाती हैं। इस तरह की एक्सरसाइज के जरिए खास तौर से बाजुओं, कंधों, कोर और पैरों की मांसपेशियों को फायदा होता है और उनकी शक्ति बढ़ती है। यह कैलिस्थेनिक्स का एक रूप है, जिसमें आपको अपने शरीर का वजन खुद संभालना होता है, जो सीधे तौर पर ताकत बढ़ाने में योगदान देता है।

#3

मुद्रा और संतुलन में होता है सुधार

अगर आपके शरीर की मुद्रा बिगड़ गई है तो आपको पोल वर्कआउट करने चाहिए। इस तरह की एक्सरसाइज में कोर की ताकत और नियंत्रण की जरूरत होती है। इसके परिणामस्वरूप आपकी मुद्रा सुधर सकती है और संतुलन भी बेहतर हो सकता है। पोल पर संतुलन बनाने से कई मांसपेशी समूह सक्रिय होते हैं, जिससे स्थिरता और नियंत्रण बेहतर होता है। इससे पीठ, कंधे और कोर की मांसपेशियां मजबूत होती है, जो सही मुद्रा बनाए रखने के लिए अहम हैं।

#4

वजन घटाने में भी है मददगार

पोल वर्कआउट आपके बढ़े हुए वजन को घटाने में भी आपकी मदद कर सकता है। इस तरह की एक्सरसाइज के दौरान ज्यादा ऊर्जा चाहिए होती है और कई मांसपेशियां भी सक्रीय हो जाती हैं। यही कारण हैं कि पोल डांसिंग कैलोरी जलाने और वजन नियंत्रित करने का एक प्रभावी तरीका हो सकता है। यह वर्कआउट शक्ति और कार्डियो का संयोजन होता है, जो आपके शरीर को पतला करने में मदद कर सकता है और अतिरिक्त चर्बी को जला सकता है।