Page Loader
वरुण धवन के जन्मदिन पर जानिए उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान 
वरुण धवन की फिटनेस का राज

वरुण धवन के जन्मदिन पर जानिए उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान 

लेखन अंजली
Apr 24, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

वरुण धवन ने 2012 में फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था और इसके बाद से वह कई हिट फिल्मों में मुख्य भूमिका निभा चुके हैं। अभिनेता न केवल एक बैंकेबल स्टार है, बल्कि बॉलीवुड में सबसे फिट अभिनेताओं में से एक है। वॉशबोर्ड एब्स और शानदार ट्राइसेप्स के साथ वरुण सभी फिटनेस उत्साही लोगों के लिए #FitnessGoals सेट करते हैं। आइए आज (24 अप्रैल) अभिनेता के जन्मदिन पर उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान जानते हैं।

वर्कआउट

हफ्ते में 4 दिन वर्कआउट करते हैं वरुण

कुछ समय पहले ही प्रसिद्ध फिटनेस कोच और पिलेट्स ट्रेनर नम्रता पुरोहित ने वरुण की डाइट और फिटनेस के बारे में जानकारी साझा की थी। NDTV से बात करते हुए उन्होंने कहा, "वरुण अपने शेड्यूल के आधार पर हफ्ते में 4 दिन लगभग डेढ़ घंटे वर्कआउट करते हैं। वह पाइलेट्स और वेट ट्रेनिंग के मिश्रण का अभ्यास करते हैं और अपने शरीर को मजबूत करने के साथ-साथ उसमें लचीलापन, संतुलन और स्थिरता बरकरार रखने वाली एक्सरसाइज करते हैं।"

एक्सरसाइज

वरुण के वर्कआउट का अहम हिस्सा है पाइलेट्स 

वरुण धवन आमतौर पर अपने वर्कआउट की शुरुआत वार्म-अप एक्सरसाइज से करते हैं। उसके बाद वह कार्डियो एक्सरसाइज और हैवी वेट ट्रेनिंग का अभ्यास करते हैं। वह सेट पर बॉडी डबल का उपयोग करने से परहेज करते हैं और एक्शन शॉर्ट्स के लिए खुद स्टंट करना पसंद करते हैं। नम्रता ने कहा, "पाइलेट्स एक्सरसाइज वरुण के वर्कआउट रूटीन का अहम हिस्सा है। इसके अतिरिक्त, वरुण को साइकिल चलाना भी बहुत पसंद है।"

ट्रांसफॉर्मेशन

फिल्म 'जुड़वा 2' के लिए वरुण ने ली थी खास ट्रेनिंग

वरुण का फिल्म 'जुड़वा 2' के लिए किया गया फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन भी काबिले तारीफ था। सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर प्रशांत सावंत ने वरुण को 'जुड़वा 2' के लिए बॉडी श्रेड प्रोग्राम नामक एक नई ट्रेनिंग से प्रशिक्षित किया था। प्रशांत ने एक इंटरव्यू में बताया था, "अभिनेता मुख्य रूप से दो तरह की ट्रेनिंग करते हैं, वेट ट्रेनिंग और पाइलेट्स। हालांकि, प्रत्येक दिनचर्या अलग होती है और प्रत्येक एक्सरसाइज अलग तरह से चुनौती देती है।"

डाइट

वरुण का डाइट प्लान

वरुण के ब्रेकफास्ट में आमतौर पर आमलेट, दलिया और साबुत अनाज वाला सैंडविच शामिल होता है, जबकि लंच के दौरान अभिनेता ब्राउन राइस, 3 रोटी, ब्रोकली और बेक्ड चिकन खाते हैं। स्नैक्स के दौरान वरुण पपीता और केला खाते हैं या प्रोटीन स्मूदी पीते हैं। डिनर में वह ग्रिल्ड फिश के साथ रोटी खाते हैं। अभिनेता अक्सर अपने चीट डे पर पिज्जा, चीज़केक और चॉकलेट मिल्कशेक का सेवन करते हैं।