Page Loader
महाशिवरात्रि पर इन चीजों को करें भोले बाबा पर अर्पित, माना जाता है शुभ 

महाशिवरात्रि पर इन चीजों को करें भोले बाबा पर अर्पित, माना जाता है शुभ 

लेखन सयाली
Mar 01, 2024
03:30 pm

क्या है खबर?

महाशिवरात्रि का त्योहार 8 मार्च को मनाया जाएगा। इस दिन मां पार्वती और भगवान शिव के प्रेम विवाह का जश्न मनाया जाता है। मान्यताओं के अनुसार, महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ के 12 ज्योतिर्लिंग भी अवतरित हुए थे। इस दिन लाखों श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं। पूजन के समय कुछ विशेष चीजें भोले बाबा पर अर्पित की जाती हैं, जो उन्हें बेहद प्रिय हैं। इस महाशिवरात्रि के पर्व पर पूजा करते समय शिवलिंग पर इन सामग्रियों को जरूर चढ़ाएं।

#1

बेलपत्र

बेलपत्र का पौधा भगवान शिव को पसंद है। शिवरात्रि के पूजन में शिवलिंग पर इसे सबसे पहले अर्पित किया जाता है। ध्यान रहे कि आप भोले बाबा पर 3 पत्तियों वाला और बिना दाग वाला बेलपत्र ही चढ़ाएं। ऋषि-मुनियों का कहना है कि बेलपत्र चढ़ाना 100 करोड़ महिलाओं के कन्यादान करने के बराबर होता है। एक मान्यता यह भी है कि बेलपत्र की 3 पत्तियां भगवान शिव के त्रिनेत्र का प्रतीक हैं।

#2

भांग 

समुद्र-मंथन के दौरान भगवान शिव ने विष का पान किया था। इसके उपचार के लिए देवी-देवताओं ने कई तरह की जड़ी-बूटियों का प्रयोग किया था। इनमें से एक भांग भी थी। भगवान शिव को भांग अति प्रिय है। शिवरात्रि पूजन के समय शिवलिंग पर भाग की पत्ती चढ़ानी चाहिए। आप भांग को पीसकर जल या दूध में मिलाकर भोले बाबा का अभिषेक कर सकते हैं। मान्यता है कि भांग अर्पित करने से रोग दोष मिट जाते हैं।

#3

धतूरा

धतूरा भी एक तरह की जड़ी-बूटी होती है। इसका उपयोग भी भोलेनाथ के गले में प्रवेश किए विष के प्रकोप को कम करने के लिए किया गया था। इस कारण से इसे भी शिवलिंग पर चढ़ाना जरूरी होता है। भगवान शिव पर धतूरा चढ़ाने से धन संबंधी समस्याओं का निवारण होता है। साथ ही इससे आपके मन से शत्रुओं का भय भी दूर हो जाता है। महाशिवरात्रि पर प्रसाद के लिए आप ये 5 तरह की ठंडाई बना सकते हैं।

#4

गंगाजल 

भारत में गंगाजल को बेहद पावन माना जाता है। पुराणों के अनुसार, गंगा भगवान विष्णु के चरणों से निकलकर और भोलेनाथ की जटाओं से होते हुए धरती पर उतरी थी। महाशिवरात्रि के दिन गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे मानसिक तनाव मिट जाता है और सुख की प्राप्ति होती है। शिवरात्रि पर व्रत के समय आप इन 5 तरह के व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं।

#5

गन्ने का रस 

गन्ने का रस हमारे शरीर को ठंडक और मिठास पहुंचाता है। शास्त्रों में इसे बेहद पवित्र माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि प्रेम के देवता कामदेव का धनुष गन्ने से ही बना है। गन्ने का पूजन-अर्पण में भी विशेष महत्त्व होता है। महाशिवरात्रि के दिन गन्ने का रस भगवान शिव को चढ़ाना चाहिए। इससे धन-धान्य की प्राप्ति होती है। इससे आप बाबा भोलेनाथ का अभिषेक भी कर सकते हैं।