सख्त डाइट के बिना गायक बादशाह ने घटाया वजन, जानिए यह कैसे हुआ संभव
क्या है खबर?
बादशाह बॉलीवुड के मशहूर गायक और रैपर हैं, जो 'हाय गर्मी' जैसे गानों से सभी को दीवाना बना लेते हैं। वह इन दिनों केवल अपने गानों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने वजन के लिए भी सुर्खियों में बने हुए हैं। बादशाह ने मार्च में खुलासा किया था कि उन्होंने बिना किसी आसान रास्ते के 20 किलो वजन घटाया था। इसके लिए उन्होंने ओजेम्पिक या किसी प्रकार की सख्त डाइट का सहारा नहीं लिया था। जानें यह कैसे संभव हुआ।
प्रेरणा
प्रदर्शन के दौरान किया वजन घटाने का फैसला
बादशाह ने बताया कि उन्होंने COVID 19 के बाद वजन घटाने का फैसला किया था। वह एक दिन एक शो में प्रदशन पर रहे थे, तब अचानक उनकी सांस फूलने लगी थी। कुल 120 मिनट के शो में 15 मिनट के अंदर ही उनकी सांस फूलने लगी थी। उस वक्त उन्हें एहसास हुआ कि वह अस्वस्थ हैं और उन्हें वजन कम करने की जरूरत है। बादशाह को नींद के दौरान भी सांस लेने में कठिनाई होती थी।
ओजेम्पिक
ओजेम्पिक लेने से बादशाह ने किया इंकार
बादशाह के अचानक पतले होने से कयास लगाए गए थे कि उन्होंने ओजेम्पिक का सहारा लिया होगा। यह मधुमेह के इलाज में मदद करने वाली एक दवा होती है, जिसे लोग वजन घटाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, रैपर ने इस बात से साफ इंकार कर दिया और कहा कि उन्होंने वजन घटाने के लिए कोई भी दवा नहीं ली है। उनका परिवर्तन निरंतर प्रयास और स्वस्थ जीवनशैली का नतीजा है।
तरीका
क्या है बादशाह के वजन घटाने का राज?
बादशाह ने बताया कि उन्होंने वजन कम करने के लिए खान-पान की मात्रा पर नियंत्रण रखा और पौष्टिक डाइट का सहारा लिया। साथ ही वह कैलोरी जलाने के लिए नियमित एक्सरसाइज भी करते थे। उन्होंने सख्त डाइट का पालन करने के बजाय भोजन की मात्रा को संतुलित रखने पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने पहले कई खास डाइट लेने की कोशिश की थीं, लेकिन उनसे उनकी ऊर्जा कम हो जाती थी।
डाइट
कैसी है बादशाह की डाइट?
बादशाह भोजन करते समय सबसे पहले प्रोटीन का सेवन करते हैं, जिससे ज्यादा खाने से बचने में मदद मिलती और लंबे समय तक पेट भरा रहता है। वह रोजाना समय पर सारी मील लेते हैं और बाहर भी पौष्टिक भोजन ही खाते हैं। बादशाह अपनी डाइट में उच्च-फाइबर वाले खाद्य पदार्थ जोड़ते हैं, जिनमें फल, पत्तेदार सब्जियां और साबुत अनाज शामिल हैं। वह अस्वस्थ स्नैक्स की जगह सलाद खाना पसंद करते हैं।