शहनाज गिल ने यह डिटॉक्स ड्रिंक पीकर कम किया 55 किलो वजन, जानिए उनका डाइट प्लान
क्या है खबर?
जब शहनाज गिल को बिग बॉस में देखा गया था तब वह गोल-मटोल हुआ करती थीं। हालांकि, ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग का शिकार होने के बाद उन्होंने वजन कम करने की ठान ली थी।
कोरोना के दौरान जब सभी अपने-अपने घरों में कैद थे तब शहनाज ने 6 महीनों के अंदर 55 किलो वजन घटाया था।
उनके ट्रांसफॉर्मेशन ने सबके होश उदा दिए थे। शहनाज वजन घटाने के लिए खास पेय पीती हैं और पौष्टिक खान-पान को प्राथमिकता देती हैं।
पेय
इस पेय से करती हैं अपने दिन की शुरुआत
शहनाज बताती हैं कि जब वह वजन कम करने की कोशिश कर रही थीं तो वह रोजाना एक 'पीली आयुर्वेदिक ड्रिंक' पिया करती थीं।
यह एक तरह का डिटॉक्स पेय है, जो सूजन को कम करने और चयापचय को बढ़ाने में मदद करता है। इसकी रेसिपी की शुरुआत पानी गर्म करने से होती है।
इसके बाद पानी में हल्दी, चाय पत्ती और सेब का सिरका मिलाया जाता है। आप इसे और असरदार बनाने के लिए इसमें जीरा मिला सकते हैं।
फायदे
इस पेय के सेवन से मिलते हैं ये फायदे
अगर आप भी शहनाज की तरह पतला होना चाहते हैं तो आपको भी यह हल्दी वाला डिटॉक्स पानी पीना चाहिए।
इसके सेवन से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होगी, पाचन सुधरेगा और शरीर की सूजन कम हो जाएगी।
हल्दी का सक्रिय यौगिक कर्क्यूमिन अपने एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के लिए जाना जाता है। इनकी मदद से वसा को कम करना आसान हो जाता है।
साथ ही सेब का सिरका लालसा को घटाता है और वजन कम करता है।
नाश्ता
रोजाना करती हैं प्रोटीन से भरपूर नाश्ता
शहनाज का सुबह का नाश्ता हमेशा प्रोटीन से भरपूर होता है, क्योंकि वह तत्व ताकत को बढ़ाता है और वजन घटाने की प्रक्रिया को तेज करता है।
उन्हें नाश्ते में अंकुरित अनाज और मेथी के पराठे खाना बहुत पसंद है। उन्हें पोहा और उपमा खाना भी बहुत अच्छा लगता है, जिनके पोषण मूल्य को बढ़ाने के लिए वह उनमें ढेर सारी सब्जियां मिलाती हैं।
वह नाश्ते में कभी-कभी ग्रीक दही और ग्रेनोला का सेवन भी करती हैं।
खाना
दिन और रात के खाने में खाती हैं ये व्यंजन
शहनाज ने वजन घटाने के लिए संतुलित डाइट, घरेलू नुस्खों और नियमित एक्सरसाइज का संयोजन बैठाया। दिन के खाने में वह दाल, टोफू, सलाद, सब्जी और घी लगी हुई रोटी खाना पसंद करती हैं।
इन सभी खाद्य पदार्थों की मदद से उन्हें पोषण और ऊर्जा मिल जाती है। वहीं, रात के खान-पान के लिए शहनाज खिचड़ी, दही या लौकी के सूप का विकल्प चुनती हैं।
साथ ही वह सोने से पहले एक गिलास गर्मा-गर्म हल्दी वाला दूध भी पीती हैं।