Page Loader
त्योहार पर अपने घर को अलग-अलग तरह के स्वास्तिक से सजाएं, जानिए बनाने का तरीका
त्योहार पर अपने घर को विभिन्न सजावटी स्वास्तिक से सजाएं

त्योहार पर अपने घर को अलग-अलग तरह के स्वास्तिक से सजाएं, जानिए बनाने का तरीका

लेखन अंजली
Oct 28, 2021
06:00 pm

क्या है खबर?

कहा जाता है कि स्वास्तिक इतना शक्तिशाली होता है कि इससे नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं करती है, इसलिए लोग इस चिन्ह को मंगल का प्रतीक मानते हैं। हालांकि जब बात त्योहारों की आती है तो लोग घर में हल्दी-कुमकुम से स्वास्तिक बनाने की बजाय सजावटी स्वास्तिक लगाना काफी पसंद करते हैं। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा आने के साथ-साथ सजावट भी हो जाती है। आइए आज तरह-तरह के सजावटी स्वास्तिक चिन्ह बनाने के तरीके जानते हैं।

#1

गत्ते से बनाएं स्वास्तिक

अगर आपको समझ नहीं आ रहा है कि आने वाले त्योहार पर घर की दीवार या दरवाजे को कैसे सजाएं तो आप इन्हें गत्ते के स्वास्तिक से सजा सकते हैं। इसके लिए पहले एक गत्ते पर स्वास्तिक का आकार बनाकर उसे कैंची से काट लें। इसके बाद गत्ते को अपने पसंदीदा फैब्रिक पेंट से रंग दें। आप चाहें तो स्वास्तिक को मोतियों जैसी कई सजावटी चीजों से भी सजा सकते हैं।

#2

थर्माकोल का स्वास्तिक

आप चाहें तो थर्माकोल का इस्तेमाल करके भी अपने घर के लिए सजावटी स्वास्तिक चिन्ह बना सकते हैं। इसके लिए पहले थर्माकोल शीट पर पेंसिल की मदद से स्वास्तिक बनाएं। इसके बाद कटर की मदद से स्वास्तिक के आकार में थर्माकोल को काट लें और लाल रंग के वेल्‍वेट पेपर को थर्माकोल के स्वास्तिक पर गोंद से चिपका दें। अंत में इसे सजाने के लिए अपनी पसंद की सजावटी चीजों का इस्तेमाल करें।

#3

फूलों के स्वास्तिक से सजाएं घर

अगर आप दिवाली और अन्य त्योहारों पर रंगोली बनाते हैं तो इस बार फर्श पर तरह-तरह के फूलों से स्वास्तिक बनाएं और इसके चारों तरफ सजावटी दीए रख दें। फूलों से स्वास्तिक की रंगोली बनाने के लिए आप गेंदे और गुलाब जैसे फूलों का चयन कर सकते हैं। हालांकि ध्यान रखें कि फूलों का स्वास्तिक बनाने के लिए आपको काफी मात्रा में फूलों की व्यवस्था करनी पड़ सकती है, इसलिए फूलों के साथ रंगोली के रंगों का इस्तेमाल करें।

#4

लकड़ी का सजावटी स्वास्तिक

सजावटी स्वास्तिक लकड़ी की मदद से भी बनाया जा सकता है। इसके लिए पहले लकड़ी की शीट पर पेंसिल से स्वास्तिक बनाएं और फिर कारपेंटर से स्वास्तिक के आकार को कटवा लें। अब स्‍वास्तिक को ऑयल पेंट से रंगे। इसके लिए अगर आप लाल या पीले रंग का चुनेंगे तो बेहतर रहेगा। अब इसे अपने हिसाब से अन्य चीजों से सजाएं। आप चाहें तो स्वास्तिक चिन्ह के पीछे छोटी रस्सी चिपकाकर इसे दीवार पर टांगने वाला बना सकते हैं।