Page Loader
घर पर मिनटों में तैयार कर सकते हैं ये चार तरह की जैम, जानिए इनकी रेसिपी
घर पर तरह-तरह की जैम बनाने के तरीके

घर पर मिनटों में तैयार कर सकते हैं ये चार तरह की जैम, जानिए इनकी रेसिपी

लेखन अंजली
May 16, 2022
09:04 pm

क्या है खबर?

आजकल मार्केट में कई तरह के स्वाद वाली जैम मौजूद हैं, लेकिन उनमें से अधिकतर आर्टिफिशियल फ्लेवर के साथ-साथ आर्टिफिशियल रंग से युक्त होती है, जिनका सेवन स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। अगर आपके बच्चे जैम खाना काफी पसंद करते हैं तो उन्हें घर की बनी जैम ही खाने को दें। अगर आप सोच रहे हैं कि घर पर जैम बनाना मुश्किल है तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आइए आज चार तरह की जैम की रेसिपी जानतेे हैं।

#1

स्ट्रॉबेरी जैम

क्रिस्पी ब्राउन टोस्ट पर लगाने और मिल्कशेक में मिलाने के लिए स्ट्रॉबेरी जैम परफेक्ट है। जैम बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी स्ट्रॉबेरी को ब्लेंड करें, फिर एक सॉस पैन में स्ट्रॉबेरी के पेस्ट को पांच मिनट तक पकाएं, फिर इसमें चीनी और नींबू का रस मिलाएं। जब आपको लगे कि स्ट्रॉबेरी वाला मिश्रण अच्छी तरह से गाढ़ा हो गया है तो गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें, फिर आपकी स्ट्रॉबेरी जैम तैयार है।

#2

मैंगो जैम

गर्मियों का मजा आम से बनी चीजों का स्वाद लिए बिना अधूरा सा लगता है क्योंकि इस मौसम की शोभा ही आम से बढ़ती है। जैम को बनाने के लिए पहले एक नॉनस्टिक पैन में ताजे पके आम के गूदे को चीनी और नींबू के रस के साथ डालकर 10-12 मिनट तक पकाएं। जब आपको लगे कि आम का मिश्रण अच्छी तरह से गाढ़ा हो गया है तो गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें, फिर इसे जब चाहें खाएं।

#3

एप्पल जैम

सेब की जैम बनाने के लिए पहले कुछ सेब को धोकर छिल लें और इन्हें एक तरफ रख दें। अब एक पैन में चीनी और थोड़ा पानी डालें और जब चीनी अच्छे से पिघल जाए तो उसमें थोड़ा दालचीनी का पाउडर और कटे हुए सेब डालकर इन्हें 30 मिनट तक पकाएं। इस दौरान करछी से सेब को तब तक मैश करें जब तक यह मोटे पेस्ट में न बदल जाए। इसके बाद गैस बंद करके जैम को ठंडा होने दें।

#4

मिक्स फ्रूट जैम

मिक्स फ्रूट जैम बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सी में कटे हुए सेब, संतरा, केला, काले अंगूर, अनानास, आलूबुखारा और स्ट्रॉबेरी डालकर अच्छे से पीस लें, फिर इस पेस्ट को चीनी के साथ एक पैन में कुछ मिनट तक पकाएं। जब आपको लगे कि पेस्ट अच्छे से गाढ़ा हो गया है तो इसमें पहले थोड़ा नींबू का रस मिलाएं, फिर गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें। अब जब चाहें, जैसे चाहें इस जैम का सेवन करें।