Page Loader
सबसे शानदार होली पार्टी आयोजित करने के लिए अपनाएं ये टिप्स, त्योहार बन जाएगा खास

सबसे शानदार होली पार्टी आयोजित करने के लिए अपनाएं ये टिप्स, त्योहार बन जाएगा खास

लेखन सयाली
Mar 08, 2025
05:58 pm

क्या है खबर?

14 मार्च को होली मनाई जाएगी, जिसे रंगों का पर्व भी कहते हैं। इस त्योहार का असली मजा तब आता है जब सभी करीबी एकत्र होकर एक-दूसरे को अबीर और रंग लगा रहे हों। इस साल के जश्न को खास बनाने के लिए आप घर पर होली पार्टी आयोजित कर सकते हैं। इस पार्टी की प्लानिंग अभी से शुरू कर दें, जिससे त्योहार का मजा दोगुना हो जाए। सबसे शानदार होली पार्टी आयोजित करने के लिए ये टिप्स अपनाएं।

#1

होली के थीम वाली सजावट करें

इस पर्व के सार को दर्शाने और उत्सव को यादगार बनाने के लिए आप होली वाली सजावट कर सकते हैं। इसके लिए पुरानी साड़ियों और दुप्पटों को दीवारों पर लटका दें और फूलों वाली तोरन बनाकर दरवाजों पर बांध दें। इसके साथ ही सुंदर प्लेट, प्यालियों या रंग-बिरंगी मटकियों में रंग और गुलाल भरकर रख दें। ऐसा करने से आपका घर रंगों से सराबोर नजर आएगा और पार्टी का आनंद भी बढ़ जाएगा।

#2

सभी को सफेद कपड़े पहनने को कहें

होली के दिन लोग सफेद रंग के कपड़े पहनना पसंद करते हैं, जो अब एक परंपरा बन चुकी है। आप भी अपनी पार्टी की थीम सफेद रख सकते हैं और सभी मेहमानों को उसी रंग के कपड़े पहनने को कह सकते हैं। सफेद कपड़ों पर सभी रंग उभरकर नजर आते हैं और त्योहार का मजा दोगुना हो जाता है। इसके अलावा, होली पर इस रंग के कपड़े पहनने से आप भाईचारे और एकता की भावना को भी दर्शा सकते हैं।

#3

होली वाले गानों की प्लेलिस्ट बनाएं

होली पर रंग खेलते-खेलते लोग खुद-ब-खुद थिरकने लगते हैं, क्यूंकि इस पर्व का उत्साह ही कुछ अलग होता है। इसीलिए मेहमानों के आने से पहले ही होली के लोकप्रिय गानों की एक बढ़िया-सी प्लेलिस्ट तैयार कर लें। आप इसमें रंग बरसे, बलम पिचकारी, लेटस प्ले होली, होरी खेले रघुबीरा और आज न छोड़ेंगे जैसे सदाबहार बॉलीवुड गाने जोड़ सकते हैं। ये गीत जश्न के मजे को बढ़ाएंगे, पार्टी में अच्छी वाइब लाएंगे और सभी को नाचने पर मजबूर कर देंगे।

#4

रंग और गुलाल तैयार रखें

होली की पार्टी बिना रंगों के अधूरी रह जाएगी। इसीलिए, आपको रंग और अबीर के कई सारे पैकेट खरीदकर रख लेने चाहिए। इससे मेहमानों को रंग लेकर आने की जेहमत नहीं उठानी पड़ेगी और वे आपकी पार्टी को हमेशा याद भी रखेंगे। अगर आपके पास वक्त हो तो घर पर ही प्राकृतिक और हर्बल रंग तैयार कर लें, जो आसानी से बन जाती है। आप घर पर इन 5 रंगों वाली गुलाल बना सकते हैं।

#5

पारंपरिक पकवान बनाना न भूलें

जिस तरह होली रंगों के बिना अधूरी है, उसी तरह हर पार्टी स्वादिष्ट भोजन के बिना अधूरी है। अपनी होली पार्टी के मेन्यू में इस पर्व पर बनने वाले सभी पारंपरिक व्यंजन शामिल करें, जिन्हें चखकर मेहमान आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे। आप गुजिया, पापड़, चिप्स, मालपुआ, कांजी वड़ा, ठंडाई, नमक पारे और खुरमे जैसे लजीज पकवान बना सकते हैं। इनके अलावा, खाने का भी बंदोबस्त करें, ताकि सभी रंग खेलने के बाद पेट पूजा कर सकें।