होली पर इस तरह से करें अपने घर की सजावट, कोना-कोना हो जाएगा रंगीन
क्या है खबर?
होली का त्योहार भारत में बड़ी ही धूम-धाम से मनाया जाता है और इसे रंगों का पर्व कहते हैं। इस साल यह त्योहार 14 मार्च को पड़ रहा है, जिस दिन सभी लोग बैर भुलाकर रंग खेलते हैं।
आपको होली आने से पहले इस त्योहार के सार को दर्शाने वाली सजावट करनी चाहिए, ताकि आपके घर का कोना-कोना रंगीन नजर आए।
होली पर इन तरीकों से घर की सजावट करें और मेहमानों की तारीफें बटोरें।
#1
कागज की झालर लगाएं
होली एक मस्ती भरा पर्व होता है, जिसकी चंचल भावना को दर्शाने के लिए आप कागज की झालर बना सकते हैं। इसके लिए लाल, गुलाबी, हरे, पीले, नारंगी और नीले जैसे जीवंत रंगों वाले कागज खरीदें।
इनकी लंबी-लंबी पट्टियां काट लें और उन्हें एक साथ गोल आकार में चिपकाते जाएं। इन्हें घर की बालकनी या कमरे की दीवारों पर टांग दें।
आप चाहें तो इनमें फेरी लाइट भी लगा सकते हैं।
#2
फूलों वाली तोरन लटकाएं
आप अपने घर के दरवाजों पर फूलों वाली तोरन लटका सकते हैं। इन्हें बनाने के लिए चमेली, गुड़हल, गेंदा, गुलाब और गुलबहार जैसे रंग-बिरंगे और खुशबूदार फूल लेकर आएं।
इन फूलों को सुई की मदद से डोरी में पिरोते जाएं और लंबी-लंबी तोरन तैयार कर लें। इनके जरिए आपके घर में एक मनमोहक सुगंध फैल जाएगी।
माना जाता है कि शुभ अवसरों पर फूलों वाली तोरन लटकाने से नकारात्मकता दूर होती है और समृद्धि आती है।
#3
रंग-बिरंगे मटकों में गुलाल रखें
होली के दिन लोग एक दूसरे को गुलाल लगाते हैं, जिसके जरिए घर की सजावट भी की जा सकती है। मिट्टी से बने छोटे मटकों को जीवंत रंगों में पेंट कर लें।
इनमें अलग-अलग रंगों की गुलाल भरें और इन्हें रंग-बिरंगी रस्सियों की मदद से दीवारों पर लटका दें। आप लटकाने के बजाय इन मटकों को टेबल, सीढ़ियों या बालकनी में रख भी सकते हैं।
जब लोग आपसे होली मिलने आएं तो इन्हीं मटकों से गुलाल निकालकर उन्हें लगा दें।
#4
दुपट्टों का इस्तेमाल करें
सभी के घरों में दुपट्टे जरूर मौजूद होते हैं, जिनका इस्तेमाल करके सुंदर सजावट की जा सकती है। इसके लिए अलग-अलग रंगों वाले दुपट्टे लें और उन्हें झालर की तरह लटकाएं।
आप इन दुपट्टों को दरवाजों और खिड़कियों पर टांग सकते हैं या दीवारों पर लटका सकते हैं।
अधिक सुंदर सजावट करने के लिए टिन के डिब्बों को टांगें और उनके अंदर से दुपट्टों को लटकाएं। इससे ऐसा लगेगा जैसे मानो पेंट के डिब्बों में से रंग गिर रहा हो।
#5
रंगोली बनाएं
केवल दिवाली ही नहीं, बल्कि होली पर भी रंगोली बनाई जा सकती है। रंगों से बनाई गई इन सुंदर कलाकृतियों के जरिए घर की शोभा बढ़ती है और एक कलात्मक स्पर्श जुड़ता है।
आप होली के दिन श्री कृष्ण और राधा रानी वाली रंगोली बना सकते हैं। इससे त्योहार का सार भी व्यक्त होगा और आपका घर बेहद खूबसूरत भी नजर आएगा।
इसके अलावा, आप पिचकारी, फूल और होली की बधाई के संदेश वाली रंगोली भी बना सकते हैं।