गुलाबी होंठ पाने के लिए घर पर बनाएं केमिकल-मुक्त चुकंदर की लिपस्टिक
क्या है खबर?
बाजार में कई ब्रांड और रंगों की लिपस्टिक उपलब्ध हैं। हालांकि, ये लिपस्टिक कई रसायनों से युक्त होती हैं, जो होंठों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
होंठों की देखभाल के लिहाज से हमें प्राकृतिक सामग्रियों से बनी हुई लिपस्टिक लगानी चाहिए। आप होंठों पर लाली पाने के लिए घर पर चुकंदर की लिपस्टिक बना सकती हैं।
चुकंदर का प्राकृतिक रंग आपके होंठों को गुलाबी बनाता है और यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक भी नहीं होता।
#1
चुकंदर के फायदे
चुकंदर से बनी लिपस्टिक को इस्तेमाल करने से पहले इसके फायदे जानना जरूरी है।
चुकंदर कई पोषक तत्वों का भंडार होता है। इसमें विटामिन-A, विटामिन-C, कैल्शियम, फाइबर और आयरन होता है। इसका इस्तेमाल करने से आप काले होंठों को हल्का कर सकते हैं।
यह होंठों को अंदरूनी तौर पर चमकदार और गुलाबी बनाने में भी मदद करता है। चुकंदर के जूस से शरीर को कई स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिलते हैं।
#2
चुकंदर की लिपस्टिक बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
घर पर चुकंदर की लिपस्टिक बनाना आसान होता है। इसे बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत पड़ेगी-
1- मध्यम अकार का चुकंदर (1)
2- नारियल या बादाम का तेल (1 चम्मच)
3- शीया या कोको बटर (1 चम्मच)
4- बनावट और स्थिरता पाने के लिए मोम के छर्रे (1-2 चम्मच)
5- खुशबू के लिए पुदीना या लैवेंडर का ऑयल
अगर आपके पास एसेंशियल ऑयल उपलब्ध न हों, तो आप इसके बिना भी लिपस्टिक बना सकती हैं।
#3
चुकंदर को काटें
इस लिपस्टिक को बनाने के लिए सबसे पहले आप गंदगी या मलबे को हटाने के लिए चुकंदर को अच्छी तरह से धो लें। अब इसे छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए।
ध्यान रखें की चुकंदर अच्छी तरह साफ हो गया हो क्योंकि आप इसका इस्तेमाल अपने होंठों पर करने वाली हैं।
आप धूप के कारण बेजान हो गए होंठों को फिर से कोमल बनाने के लिए इन लिप बाम को आसानी से घर पर बना सकती हैं।
#4
चुकंदर को पीसकर तैयार करें पेस्ट
कटे हुए चुकंदर को ब्लेंडर या फूड प्रोसेसर में रखें और एक चिकना पेस्ट बनने तक पीस लें। इसे अच्छी तरह पीसने के लिए आप इसमें थोड़ा पानी भी मिला सकती हैं।
एक बार जब चिकना चुकंदर का पेस्ट तैयार हो जाए तो इसे एक साफ मलमल के कपड़े या चीजक्लोथ में डाल लें। चुकंदर का रस निकालने के लिए कपड़े को कसकर निचोड़ें।
आपके पास लगभग 1-2 बड़े चम्मच जूस जमा हो जाना चाहिए।
#5
ऐसे बनाएं लिपस्टिक
एक पैन में चुकंदर का रस, नारियल या बादाम का तेल, शिया या कोको बटर और मोम के छर्रों को मिलाएं। मिश्रण को धीमी आंच पर पिघलने तक चलाएं।
जब मिश्रण अच्छी तरह मिल जाए तो इसे आंच से उतार लें और थोड़ा ठंडा होने दें। सुगंध के लिए एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें डालें। मिश्रण को एक साफ लिपस्टिक ट्यूब या छोटे कंटेनर में डालें।
उपयोग करने से पहले लिपस्टिक को ठंडा होने दें और पूरी तरह जमने दें।