LOADING...
वजन घटाना चाहते हैं? रोजाना इन 5 एक्सरसाइज को करके जलाएं लगभग 500 कैलोरी
रोजाना 500 कैलोरी जलाने में सहायक हैं ये 5 एक्सरसाइज (तस्वीर: फ्रीपिक)

वजन घटाना चाहते हैं? रोजाना इन 5 एक्सरसाइज को करके जलाएं लगभग 500 कैलोरी

लेखन अंजली
Oct 22, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

क्या एक दिन में 500 कैलोरी जलाना संभव है? ऐसा हो सकता है, लेकिन आप कितनी कैलोरी जलाएंगे, यह आपकी मेटाबॉलिज्म दर के हिसाब से अलग-अलग भी हो सकती है। वैसे लाभ के लिए डाइट में सीमित और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों को शामिल करने सहित रोजाना कुछ मिनट एक्सरसाइज करना जरूरी है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसी एक्सरसाइज के बारे में बताते हैं, जिन्हें आप प्रतिदिन 30 मिनट तक करके लगभग 500 कैलोरी जला सकते हैं।

#1

हाई इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग 

हाई इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग (HIIT) एक प्रकार का कार्डियो वर्कआउट है, जिसे बहुत तेजी से किया जाता है। यह मेटाबॉलिज्म को तेज करके 500 से ज्यादा कैलोरी को बर्न करने में मदद कर सकता है। इससे बढ़ते वजन को कम करना आसान हो जाता है। इसके अतिरिक्त यह मांसपेशियों के मजबूत करने के साथ-साथ ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर के स्तर को नियंत्रित करने में भी सहायक है।

#2

किकबॉक्सिंग 

किकबॉक्सिंग वजन घटाने के साथ-साथ स्टेमिना बढ़ाने में भी मददगार है। इसके अभ्यास के दौरान तेजी और कूदने की जरूरत होती है। इस प्रक्रिया के दौरान शरीर की कई मांसपेशियों पर प्रभाव पड़ता है। बेहतर परिणामस्वरूप 90 सेकेंड की किकबॉक्सिंग के बाद 2-3 मिनट तक आराम करें और दोबारा 90 सेकेंड तक किकबॉक्सिंग करें। बता दें कि केवल 30 मिनट की किकबॉक्सिंग करके आप 400-500 कैलोरी जला सकते हैं।

#3

रस्सी कूदना 

रस्सी कूदना शरीर के लिए बहुत लाभप्रद हो सकता है क्योंकि यह क्रिया अपने आप में एक संपूर्ण एक्सरसाइज है। रस्सी कूदते समय हाथ और कंधे की मांसपेशियां सक्रिय रहती हैं, जिससे मेटाबॉलिज्म दर तेज होती है। जब आप 30 मिनट तक उच्च तीव्रता वाली रस्सी कूद का अभ्यास करते हैं तो आप 500 कैलोरी तक जला सकते हैं। घुटने की चोटों से बचने के लिए उचित जूते पहनें और सत्र के दौरान 60 सेकंड के 2 ब्रेक लें।

#4

दौड़ना

दौड़ना पूरे शरीर के लिए एक प्रभावी कार्डियो एक्सरसाइज है। यह आपके शरीर के वजन, दूरी, गति और समय के आधार पर 500 से अधिक कैलोरी जलाने में सहायक हो सकती है। इस एक्सरसाइज को शुरू करने के लिए सबसे पहले 1 मिनट के लिए लगभग 12 किमी प्रति घंटे की जॉगिंग करें, फिर 10 सेकंड के लिए 19-22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ें और इसे 30 मिनट तक दोहराएं।

#5

वेट ट्रेनिंग 

वेट ट्रेनिंग में बारबेल, डंबल, केटलबेल जैसे वेट उठाना या वेट मशीनों का इस्तेमाल करना शामिल है। अगर आप रोजाना सिर्फ 30 मिनट तक सही तरीके से वेट ट्रेनिंग वर्कआउट करते हैं तो इससे आपको लगभग 500 कैलोरी जलाने में मदद मिल सकती है। वेट ट्रेनिंग एक्सरसाइज के तौर पर चेस्ट प्रेस, ओवरहेड प्रेस, लेटरल रेसेस, हैमर कर्ल, कंसंट्रेशन कर्ल और बॉल क्रंचेस आदि को वेट लिफ्टिंग मशीनों के साथ करके अपना वजन घटा सकते हैं।