LOADING...
गर्मियों में नारियल पानी में सफेद कद्दू मिलाकर तैयार करें स्वादिष्ट पेय, सेवन से होगा फायदा

गर्मियों में नारियल पानी में सफेद कद्दू मिलाकर तैयार करें स्वादिष्ट पेय, सेवन से होगा फायदा

लेखन सयाली
Apr 19, 2025
05:51 pm

क्या है खबर?

गर्मी के मौसम में ताजगी भरे पेय का सेवन करना मन को तृप्त कर देता है। बढ़े हुए तापमान के बीच ठंडा-ठंडा नारियल पानी पीना शरीर को ताजगी से भर देता है और ठंडक प्रदान करता है। आप इसके पोषण को बढ़ाने के लिए इसमें सफेद कद्दू भी मिला सकते हैं। यह फल न केवल इसके स्वाद को बढ़ा देगा, बल्कि इसे अधिक हाइड्रेटिंग बना देगा। इसे डाइट में जोड़ने से शरीर डिटॉक्स होगा और ये स्वास्थ्य लाभ भी मिलेंगे।

रेसिपी

पहले जानिए इसे बनाने का तरीका

इस पेय की रेसिपी बेहद आसान होती है, जिसे बनाने में कुछ मिनट ही लगते हैं। इसके लिए सबसे पहले सफेद कद्दू को छीलकर टुकड़ों में काट लें। इनके बीज निकालकर इन्हें ब्लेंडर में डालें और पीसकर इनका पेस्ट बना लें। अब एक गिलास में नारियल पानी निकालें और उसमें छन्नी से छानते हुए सफेद कद्दू का पेस्ट मिलाएं। इसमें बर्फ डालें और इसे ठंडा-ठंडा परोसें। आप सफेद कद्दू की जगह उससे बनने वाला पेठा भी मिला सकते हैं।

#1

मिलेगी ताजगी

सफेद कद्दू अपने ठंडक देने वाले गुणों के लिए जाता जाती है, क्योंकि यह 96 प्रतिशत पानी से बना होता है। इसके सेवन से शरीर का तापमान कम होता है और पेट भी ठंडा रहता है। वहीं, नारियल पानी भी ताजगी प्रदान करने के लिए मशहूर पेय है, जो गर्मी को तुरंत दूर भगा देता है। इन दोनों सामग्रियों को मिलाकर बना पेय आपके शरीर को ताजगी से भर देगा और आपको ऊर्जा भी प्रदान करेगा।

Advertisement

#2

शरीर होगा हाइड्रेट

जैसा की हमने पहले बताया, सफेद कद्दू में पानी की मात्रा अधिक होती है। इसी कारण यह फल शरीर को हाइड्रेट करने में खासा योगदान दे सकता है। नारियल पानी भी इलेक्ट्रोलाइट्स और हाइड्रेशन का एक अच्छा स्रोत है, जो शरीर के तापमान को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। इस पेय को खान-पान का हिस्सा बनाने से शरीर भी डिटॉक्स हो जाता है, जिससे सभी विषाक्त पदार्थ निकल जाते हैं।

Advertisement

#3

फाइबर से भर जाएगा शरीर

सफेद कद्दू एक ऐसा फल है, जिसमें फाइबर की भरपूर मात्रा होती है। इसमें पर्याप्त मात्रा में आहारीय फाइबर होता है, जो पाचन स्वास्थ्य को दुरुस्त करने में मदद करता है। इसके अलावा, नारियल पानी में भी थोड़ी मात्रा में फाइबर पाया जाता है। इस पेय की मदद से खाना अच्छी तरह पच जाता है, भूख कम लगती है और वजन घटाने में भी मदद मिल जाती है। इस प्राकृतिक तौर पर मीठे पेय में कैलोरी भी कम होती हैं।

#4

नहीं होगी एसिडिटी

सफेद कद्दू को एसिडिक खाद्य पदार्थों में से एक माना जाता है। इसकी एसिडिक सामग्री पेट में बनने वाले अतिरिक्त एसिड को बेअसर करने में मदद करती है। इसे नारियल पानी में मिलाकर पीने से अपच, कब्ज, मतली और उलटी की समस्या का निवारण हो जाता है। साथ ही, इसके जरिए सीने में होने वाली जलन और सूजन से भी राहत मिल जाती है। यह पेय शरीर के विषाक्त पदार्थों को भी निकाल देता है।

Advertisement