Page Loader
नारियल तेल से बने ये 5 फेस मास्क त्वचा के लिए हैं लाभदायक
नारियल तेल के फेस मास्क

नारियल तेल से बने ये 5 फेस मास्क त्वचा के लिए हैं लाभदायक

लेखन अंजली
Dec 21, 2022
08:21 pm

क्या है खबर?

स्वस्थ और खूबसूरत त्वचा पाने के लिए लोग न जाने कितनी तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन फिर भी मनचाहा परिणाम नहीं मिल पाता है। ऐसे में कई पोषक तत्वों से भरपूर नारियल तेल के फेस मास्क का इस्तेमाल करना ज्यादा लाभदायक हो सकता है। आइए आज नारियल तेल के फेस मास्क बनाने के तरीके जानते हैं। इनका हफ्ते में दो दिन इस्तेमाल करने से ही त्वचा एकदम स्वस्थ और खूबसूरत बन सकती है।

#1

कॉफी और नारियल तेल का फेस मास्क

कॉफी एक्सफोलिएंट की तरह और नारियल तेल चेहरे को चमक देने में मदद कर सकती है। ऐसे में इनसे बने फेस मास्क त्वचा के लिए फायदेमंद है। इसे बनाने के लिए एक चम्मच नारियल तेल और एक छोटी चम्मच कॉफी पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट के लिए अपनी उंगलियों से सर्कुलर मोशन में धीरे-धीरे मसाज करने के बाद चेहेर को गुनगुने पानी से धो लें।

#2

हल्दी और नारियल तेल

हल्दी में मौजूद एंटी-सेप्टिक गुण काले दाग-धब्बों से छुटकारा दिलाने के साथ त्वचा को साफ और चमकदार बनाने में मदद करती है। फेस मास्क बनाने के लिए एक कटोरी में तीन चम्मच नारियल तेल, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा चम्मच नींबू का रस और एक चम्मच शहद मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर इसे 10-15 मिनट के बाद साफ कर लें।

#3

रसभरी और नारियल तेल का फेस मास्क

यह फेस मास्क त्वचा को मॉइस्चराइज करने के साथ-साथ इसे मुलायम बनाने में भी मदद कर सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में छह से आठ रसभरी (पिसी हुई), एक बड़ी चम्मच शुद्ध नारियल तेल और एक बड़ी चम्मच शहद डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर चेहरे को ठंडे पानी से धो लें।

#4

एलोवेरा और नारियल तेल का फेस मास्क

एलोवेरा और नारियल तेल का फेस मास्क चेहरे को हाइड्रेट करने और किसी भी तरह के दाग से छुटकारा दिलाने में कारगर है। इसके लिए पहले एक कटोरी में एक बड़ी चम्मच एलोवेरा जेल और एक चम्मच नारियल तेल मिलाएं, फिर इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं और 10 से 15 मिनट के बाद चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें।

#5

शिया बटर और नारियल तेल का फेस मास्क

यह फेस मास्क त्वचा को हाइड्रेट करने में काफी सहायक हो सकता है। इसे बनाने के लिए एक चौथाई कप नारियल तेल, एक बड़ी चम्मच कच्चा शहद और एक चौथाई कप शिया बटर को एक साथ मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। इसके बाद चेहरे को सामान्य पानी से धो लें। इसे इस्तेमाल करने के बाद आपका चेहरा पूरी तरह से दमक उठेगा।