Page Loader
बालों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकते हैं ये 5 एवोकाडो हेयक मास्क

बालों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकते हैं ये 5 एवोकाडो हेयक मास्क

लेखन अंजली
Mar 26, 2024
09:22 am

क्या है खबर?

एवोकाडो सिर्फ टोस्ट या हम्मस के लिए नहीं है, यह बालों की देखभाल के लिए भी सुपरफूड है। इसमें विटामिन-E, एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी जैसे कई गुण होते हैं, जो बेजान और रूखे बालों को ठीक करने में मदद कर सकते हैं। लाभ के लिए आप हेयर मास्क के तौर पर एवोकाडो का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए आज हम आपको एवोकाडो से 5 हेयर मास्क बनाने के तरीके बताते हैं, जिनका इस्तेमाल बालों के लिए लाभदायक है।

#1

एवोकाडो और नारियल के तेल का हेयर मास्क

एवोकाडो में मौजूद फैटी एसिड स्कैल्प को गहराई से मॉइस्चराइज करने में मदद कर सकते हैं, जबकि नारियल का तेल स्कैल्प को भरपूर हाइड्रेशन देने समेत बालों को अच्छी-खासी चमक प्रदान कर सकता है। लाभ के लिए एक पके एवोकाडो को मैश करके इसमें 2 बड़ी चम्मच नारियल का तेल मिलाएं, फिर इस मिश्रण को अपने सिर पर लगाएं और 15 मिनट के बाद सिर को पानी से धो लें। यहां जानिए बालों का झड़ना कम करने वाले हेयर मास्क

#2

एवोकाडो और नींबू का हेयर मास्क

एवोकाडो बालों को भरपूर पोषण देकर इनके विकास में मदद कर सकता है और नींबू एक प्राकृतिक क्लींजर के रूप में काम करके डैंड्रफ को दूर कर सकता है। लाभ के लिए एक एवोकाडो को मैश करें, फिर इसमें 2 चम्मच आर्गन ऑयल और नींबू के रस की कुछ बूंदें डालकर अच्छे से मिलाएं। अब मिश्रण को 10-15 मिनट तक लगाए रखने के बाद सिर को धो लें। यहां जानिए हेयर केयर रूटीन में नींबू को शामिल करने के तरीके

#3

एवोकाडो और दही का हेयर मास्क 

इस हेयर मास्क के इस्तेमाल से दोमुहें बालों की समस्या दूर हो सकती है। लाभ के लिए एक पके एवोकाडो को मैश करके इसमें एक कप दही, 2 बड़ी चम्मच जैतून का तेल और एक बड़ी चम्मच शहद मिलाएं। इसके बाद मिश्रण को बालों पर अच्छे से लगाएं और करीब 20 मिनट तक इसे ऐसे ही छोड़ दें, फिर बालों को ठंडे पानी और शैंपू से धो लें और फिर अंत में कंडीशनर करें।

#4

एवोकाडो और एलोवेरा का हेयर मास्क 

अगर आपके सिर में दाने हो गए हैं तो एवोकाडो और एलोवेरा का हेयर मास्क समस्या को दूर कर सकता है। लाभ के लिए एक पके एवोकाडो को मैश करके इसमें 2 बड़ी चम्मच शहद, 2 बड़ी चम्मच एलोवेरा जेल, एक चम्मच नींबू का रस और 2 चम्मच नारियल तेल मिलाएं। अब मिश्रण को सिर पर लगाने के बाद 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें, फिर सिर को पानी से धो लें।

#5

एवोकाडो, एगेव सिरप और बादाम के दूध का हेयर मास्क

एवोकाडो और बादाम का दूध प्रोटीन से भरपूर होता है, जो बालों को मजबूती प्रदान करने में मदद कर सकता है। एगेव सिरप बालों को नमी देने में सहायक है। लाभ के लिए एक पके एवोकाडो को मैश करके इसमें एक बड़ी चम्मच एगेव सिरप और 2 बड़ी चम्मच बादाम का दूध मिलाएं। अब मिश्रण को सिर पर लगाएं और 10-15 मिनट के बाद बालों को पानी से साफ कर लें। यहां जानिए बादाम के दूध के फायदे