कुलगाम में CRPF जवानों पर हमले के पीछे लश्कर आतंकी लतीफ का हाथ होने का शक
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बीते दिन CRPF के जवानों पर गोलीबारी हुई थी। अब जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट का हाथ हो सकता है। एजेंसियों का शक है कि ये हमला 'शूट-एंड-स्कूट' तरीके से किया गया, जिसमें आतंकी अचानक से गोलीबारी करता है और सुरक्षा बलों के पकड़ने से पहले ही भाग निकलता है। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी भी नहीं ली है।
रिपोर्ट
पहले भी हुए हैं इसी तरह के हमले
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं का मानना है कि गोली चलाकर भागने का तरीका जुलाई में हुए आतंकी हमलों के तरीके से मेल खाता है। तब भी जवानों पर अचानक गोलीबारी हुई थी और आतंकी भाग निकला था।
माना जाता है कि आतंकी हमले के बाद आम लोगों के बीच घुलमिल जाता है, जिससे उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
बुधवार के हमले में भी करीब 15 सेकंड के भीतर आतंकी ने कई गोलियां चलाईं और भाग निकला।
वजह
आतंकी लतीफ पर क्यों है शक?
जांचकर्ताओं ने हमले वाली जगह से कारतूस के खोल बरामद किए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है ये खोल पहले हुए हमलों के दौरान बरामद खोलों से मेल खाते हैं। इसी वजह से लतीफ के शामिल होने का शक और मजबूत हो गया है।
ये भी खबर है कि लतीफ को हाल ही में श्रीनगर में देखा गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसके पोस्टर लगाए थे। इनमें 15 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की गई थी।
हमले
कई हमलों में सामने आया है लतीफ का नाम
लतीफ का नाम पहले हुए कई आतंकी हमलों में सामने आया है। इसी साल 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक में एक पुलिस कांस्टेबल की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के 2 श्रमिकों की हत्या में भी उसका भूमिका सामने आई थी।
सुरक्षा बलों ने लतीफ के नेटवर्क का पता लगाने के लिए दक्षिणी कश्मीर में जमीनी कार्यकर्ताओं (OGW) से बड़े पैमाने पर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिचय
कौन है लतीफ भट?
लतीफ लश्कर कमांडर है, जो शोपियां मुठभेड़ के बाद सुर्खियों में आया था। वो पहले लश्कर के शीर्ष कमांडर जाकिर गनाई के साथ काम करता था, जो A++ श्रेणी का आतंकवादी था।
कुलगाम निवासी लतीफ ने अश्मुजी स्थित सरकारी स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की और बाद में कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में दाखिला लिया।
पढ़ाई बीच में ही छोड़ उसने कुछ समय के लिए बढ़ई का काम किया। वह पिछले साल नवंबर में लापता हो गया था।