
पहलगाम आतंकी हमला: UNSC ने कहा- TRF ही जिम्मेदार, लश्कर की भी सीधी भूमिका
क्या है खबर?
पहलगाम आतंकी हमले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक रिपोर्ट ने पाकिस्तान की पोल खोलकर रख दी है। इस रिपोर्ट में द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि बिना लश्कर-ए-तैयबा (LeT) की मदद के ये हमला नहीं किया जा सकता था। यह पहली बार है, जब पाकिस्तान स्थित LeT से जुड़े समूह TRF का नाम किसी औपचारिक UN दस्तावेज में शामिल किया गया है।
रिपोर्ट
रिपोर्ट में क्या-क्या कहा गया है?
UNSC के निगरानी दल की रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अप्रैल को पहलगाम में 5 आतंकवादियों ने हमला किया था। उसी दिन TRF ने जिम्मेदारी ली और घटनास्थल की एक तस्वीर भी प्रकाशित की। समूह ने 23 अप्रैल को अपना दावा दोहराया, लेकिन 26 अप्रैल को इसका खंडन किया। इसके बाद से TRF ने इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया और न ही किसी दूसरे आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली।
TRF
TRF और लश्कर एक ही हैं- रिपोर्ट
रिपोर्ट में कहा गया है कि कम से कम 2 सदस्य देशों ने संयुक्त राष्ट्र टीम को सूचित किया कि यह हमला LeT के समर्थन के बिना नहीं हो सकता था। एक सदस्य देश ने स्पष्ट रूप से कहा कि TRF और LeT में सीधा संबंध हैं। हालांकि, एक तीसरे सदस्य देश ने इससे असहमति जताते हुए दावा किया कि लश्कर-ए-तैयबा अब निष्क्रिय हो चुका है। कूटनीतिक मोर्चे पर इसे भारत की बड़ी जीत माना जा रहा है।
मायने
रिपोर्ट के रणनीतिक मायने क्या हैं?
हमले के बाद पाकिस्तान ने UNSC के बयान से TRF का नाम हटवा दिया था। UN की हालिया रिपोर्ट में भी पाकिस्तान के इशारे पर एक देश ने लश्कर को निष्क्रिय संगठन बताया था। UNSC की ये रिपोर्ट इन सभी दावों का खंडन करती है और UN के आधिकारिक रिकॉर्ड में TRF के संदर्भ को फिर से शामिल करती है। 2019 के बाद ये पहली बार है, जब UN रिकॉर्ड में LeT की गतिविधियों को शामिल किया गया है।
अगला कदम
रिपोर्ट से भारत को क्या फायदा होगा?
यह मामला UNSC की प्रतिबंध समिति के सामने उठाया जाएगा, जहां भारत को TRF पर औपचारिक प्रतिबंध लगाने की उम्मीद है। अगर ऐसा हुआ तो यह भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत होगी। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि आतंकवादी समूह क्षेत्रीय तनाव का फायदा उठा सकते हैं और आतंकवाद-रोधी उपायों की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया गया है। रिपोर्ट इसलिए भी अहम है, क्योंकि प्रतिबंध समिति के सभी फैसले UNSC के सभी सदस्यों की सहमति से अपनाए जाते हैं।
प्रयास
TRF को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग कर रहा है भारत
मई में भारत ने UNSC की प्रतिबंध समिति की निगरानी टीम को पहलगाम हमले की जानकारी दी थी। भारत ने समिति को पहलगाम हमले के लिए LeT से जुड़े हुए TRF की गतिविधियों के बारे में बताया था और TRF को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की थी। वहीं, इसी महीने अमेरिका ने TRF को आतंकी संगठन घोषित किया था, जिसकी भारत ने सराहना की थी। बता दें कि पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे।