Page Loader
कंपकंपा रही है दिल्ली की सर्दी, टूट सकता है 118 साल पुराना रिकॉर्ड

कंपकंपा रही है दिल्ली की सर्दी, टूट सकता है 118 साल पुराना रिकॉर्ड

Dec 27, 2019
04:28 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की सर्दी अपना असली रूप दिखा रही है। पिछले कुछ दिनों से यहां हाड़ कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। तापमान काफी कम होने के चलते लोगों का रजाई से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। अगर तापमान में गिरावट ऐसी ही जारी रही तो दिल्ली कई साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने की तरफ बढ़ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि यह 1901 के बाद अब तक का दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर है।

तापमान

19 डिग्री सेल्सियस के आसपास है महीने के औसत तापमान

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस महीने का मीन मैक्सिमम टेंपरेचर (MMT) 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। अगर महीने के अंत तक यह औसत जारी रहती है तो यह दिसंबर 1901 के बाद दूसरा सबसे कम तापमान वाला दिसंबर रहेगा। इससे पहले दिसंबर, 1997 में MMT 17.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले दो-तीन दिनों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

वजह

इस बार इतनी ठंड क्यों पड़ रही है?

मौसम विभाग के मुताबिक, 12-13 दिसंबर को हुई बारिश से हवा में नमी आई। 20-21 दिसंबर को इस नमी में और बढ़ोतरी हुई। नमी के कारण सुबह हल्की धुंध आती है। दिन होते-होते यह धुंध 100-300 मीटर ऊपर उठकर हल्के बादल बना लेती है। पाकिस्तान से लेकर बिहार तक फैले ये हल्के बादल सूरज की किरणों को धरती तक आने से रोकते हैं। इसके अलावा हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाएं मौसम को और सर्द कर रही है।

जानकारी

कब-कब रहा 20 डिग्री से कम तापमान?

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस महीने MMT 20 डिग्री से नीचे रह सकता है। अगर 31 दिसंबर तक तापमान यही रहा तो यह नया रिकॉर्ड होगा। इससे पहले 1919, 1929, 1961 और 1997 में ऐसा हुआ था।

दिल्ली

धुंध के कारण कई उड़ाने रद्द

दिल्ली में शुक्रवार सुबह धुंध की हल्की चादर छाई रही। धुंध के कारण दिल्ली से संचालित होने वाली कम से कम 20 उड़ाने प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि लोगों को 30 दिसंबर को इस ठंड से राहत मिल सकती है। हालांकि, यह राहत एक दिन के लिए ही होगी। 31 दिंसबर और 1 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है, जिस कारण तापमान में गिरावटर आ सकती है।