एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान के पायलट का दूसरा ड्रग्स परीक्षण भी पॉजीटिव, गांजा का शक
क्या है खबर?
थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 के पायलट-इन-कमांड का प्रयोगशाला परीक्षण में दूसरा ड्रग्स परीक्षण भी पॉजिटिव आया है। इंडिया टुडे के मुताबिक, 4 अगस्त की घटना के बाद विमान के दोनों पायलटों की अनिवार्य मनो-सक्रिय पदार्थ जांच की गई थी। तब सह-पायलट में कोई चिंताजनक बात सामने नहीं आई, जबकि पायलट-इन-कमांड की प्रारंभिक जांच में कुछ शक होने पर नमूने पुष्टि परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जहां से रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
मानक
जांच पूरी तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटाया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में सवार दोनों पायलट में एक पायलट अनिवार्य मनो-सक्रिय पदार्थ जांच में बिल्कुल ठीक पाया गया है, इसलिए उसका दूसरा परीक्षण नहीं हुआ।
पायलट-इन-कमांड की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में ड्रग्स के कुछ अवशेष की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसके नमूने को पुष्टि के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था।
पता चला है कि उसकी रिपोर्ट में गांजा की पुष्टि हुई है। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया था।
जांच
एयर इंडिया के निर्वतमान CEO तलब
घटना की जांच कर रही केंद्र सरकार ने मामले में सख्ती बढ़ा दी है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को इस संबंध में पूछताछ के लिए एयर इंडिया के निवर्तमान मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कैंपबेल विल्सन को तलब किया है।
इस घटना के सुरक्षा और जवाबदेही संबंधी पहलुओं की जांच के लिए मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही है।
विल्सन केंद्र सरकार के सामने कब पेश होंगे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच
DGCA और AAIB कर रहा है मामले की जांच
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने CEO को तलब करने का निर्णय तब लिया, जब नागरिक उड्डयन सचिव, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के वरिष्ठ अधिकारियों और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एक बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में मंत्रालय के सचिव समीर सिन्हा, DGCA के महानिदेशक वीर विक्रम यादव और AAIB के महानिदेशक जीवीजी युगंधर शामिल हैं।
घटना को लेकर DGCA और AAIB जांच कर रहे हैं।
जांच
विमान में तकनीकी खराबी का भी पता चला
अभी तक जांच में पता चला कि उड़ान के दौरान ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हो गया, जिसके बाद सह-पायलट ने मैन्युअल नियंत्रण संभाला था। इसके कुछ देर बाद, उड़ान नियंत्रण में स्टॉल का संदेश दिखाई दिया।
विमान में अन्य तकनीकी और यांत्रिक समस्याओं के साथ-साथ मची हलचल के कारण कई संकेतक स्विच भी कुछ समय के लिए बंद हो गए।
विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम भी अचानक फेल हो गए थे, जो उड़ान नियंत्रण सहित कई कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है।
घटना
क्या है फुकेत-दिल्ली उड़ान का मामला?
फुकेत से 4 अगस्त को रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 को मंगलवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली पहुंचना था।
यात्रा शुरू होने के 90 मिनट बाद अचानक विमान डगमगाया और 300 फीट नीचे गिर गया, जिससे यात्रियों को तगड़े झटके लगे। विमान करीब 2-3 मिनट तक भयानक टर्बुलेंस में फंसा रहा।
विमान में 137 यात्री और 8 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें 13 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य विमान में इधर-उधर टकराने से घायल हो गए।