#NewsBytesExplainer: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा कितनी अहम, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
क्या है खबर?
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह भारत दौरे पर आ रहे हैं। वे 22 से 23 नवंबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। पहले माना जा रहा था कि उनका दौरा 3 दिन का हो सकता है, लेकिन अब वे करीब 25 घंटे ही भारत में रुकेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद ये उनका पहला भारत दौरा है। हालिया समय में दोनों देशों के बीच तनाव के नजरिए से इस दौरे को अहम माना जा रहा है।
दौरा
कैसा रहेगा बालेन शाह का दौरा?
बालेन 22 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे। सबसे पहले वे विदेश मंत्री एस जयशंकर से शिष्टाचार भेंट करेंगे।
इसके बाद वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे और राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
अगले दिन यानी 23 नवंबर को वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इसके बाद एक संयुक्त प्रेस वार्ता होगी।
प्रधानमंत्री मोदी अपने नेपाली समकक्ष के सम्मान में लंच आयोजित करेंगे। इसी दिन शाह काठमांडू लौट जाएंगे।
एजेंडा
क्या रहेगा बातचीत का एजेंडा?
माना जा रहा है कि दोनों नेताओं में द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर बात होगी, जिसमें व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा सहयोग, विकास साझेदारी और क्षेत्रीय मुद्दे शामिल हैं।
नेपाल सालों से भारतीय हवाई क्षेत्र में ज्यादा पहुंच की मांग कर रहा है, ताकि पोखरा और भैरहवा हवाई अड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कनेक्टिविटी बेहतर हो सके।
साथ ही भयानक बाढ़ के बाद नेपाल भारत से आर्थिक मदद की भी तलाश में है।
आर्थिक मदद
भारत से 18,000 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद चाह रहा है नेपाल
इस साल अगस्त में आई भीषण बाढ़ से नेपाल में खासा नुकसान हुआ है।
अब नेपाल भारत से करीब 18,000 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मांग रहा है। इसमें करीब 9,200 करोड़ रुपये का रियायती ऋण, 4,600 करोड़ रुपये का अनुदान और इतनी ही राशि का पुनर्निर्माण और पुनर्वास फंड शामिल है।
भारत उन देशों में से था, जिसने तुरंत नेपाल को मानवीय मदद पहुंचाई थी। शाह की यात्रा के दौरान आर्थिक मदद का मुद्दा भी उठ सकता है।
परियोजनाएं
अयोध्या-जनकपुर रेल समेत इन परियोजनाओं पर आगे बढ़ेगी बात
शाह और मोदी 23 नवंबर को अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
दोनों देश भैरहवा एकीकृत चेक पोस्ट और दोधारा चांदनी एकीकृत चेक पोस्ट पर बातचीत कर सकते हैं।
भारत की सरकारी कंपनी SJVN की भागीदारी से विकसित की जा रही 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना में भी प्रगति होने की उम्मीद है।
750 मेगावाट की वेस्ट सेती और 480 मेगावाट की फुकोट करनाली परियोजनाओं पर भी चर्चा हो सकती है।
अग्निपथ
सेना में गोरखाओं की भर्ती पर बातचीत मुश्किल
अग्निपथ योजना लागू होने के बाद से ही भारतीय सेना में नेपाल में रहने वाले गोरखाओं की भर्ती रुकी हुई है। नेपाल का कहना है कि ये योजना बिना सलाह के लागू की गई थी और त्रिपक्षीय समझौते का उल्लंघन करती है।
फर्स्टपोस्ट ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान अग्निपथ का मुद्दा उठने की संभावना नहीं है और इस पर सेना स्तर पर ही चर्चा की जाएगी।
तनाव
हालिया समय में क्यों तनावपूर्ण हुए हैं दोनों देशों के रिश्ते?
कुछ समय से नेपाल-भारत के बीच सीमा विवाद ने जोर पकड़ा है। इसी साल जून में बालेन ने नेपाली संसद में कहा था कि केवल भारत ने नेपाल की नहीं, बल्कि नेपाल ने भी भारतीय जमीन पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने ब्रिटेन से मध्यस्थता की अपील की थी।
नेपाल ने नए नोटों पर छपे नक्शे में भारत के क्षेत्रों को अपना बताया था।
नेपाल की कई परियोजनाओं में चीनी निवेश ने भी भारत के लिए चिंताएं पैदा की हैं।