RBI के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास प्रधानमंत्री के मुख्य सचिव नियुक्त किए गए
क्या है खबर?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें प्रधानमंत्री का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
दास RBI गवर्नर के रूप में 6 साल तक सेवाएं देने के बाद बीते साल दिसंबर में सेवानिवृत्त हुए थे। 75 दिन बाद ही उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय में अहम पद पर नियुक्त किया गया है।
वे प्रधानमंत्री के दूसरे प्रधान सचिव बने हैं। फिलहाल पीके मिश्रा प्रधानमंत्री के पहले प्रधान सचिव हैं।
आदेश
अगले आदेश तक प्रधान सचिव रहेंगे दास
केंद्र सरकार में नियुक्ति समिति द्वारा जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है, "मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने शक्तिकांत दास, IAS (सेवानिवृत्त) की प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होगी। उनकी नियुक्ति प्रधानमंत्री के कार्यकाल के साथ या अगले आदेश तक जारी रहेगी।"
समिति के सचिव मनीष सक्सेना ने नियुक्ति की जानकारी दी।
परिचय
कौन हैं शक्तिकांत दास?
दास मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 26 फरवरी, 1957 को भुवनेश्वर में हुआ था।
दास ने दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज से पढ़ाई की है। उन्होंने इतिहास में MA भी किया है।
1980 बैच के तमिलनाडु कैडर के भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (IAS) दास के पास करीब 4 दशक तक वित्त, टैक्स, निवेश और बुनियादी ढांचे समेत कई क्षेत्रों में काम करने का व्यापक अनुभव है।
जिम्मेदारी
इन अहम पदों पर रहे हैं दास
दास 2008 में वित्त मंत्रालय के संयुक्त सचिव नियुक्त किए गए थे। दिसंबर, 2013 में उन्हें वित्त मंत्रालय से रसायन और उवर्रक मंत्रालय में भेजा गया।
2014 में उन्हें फिर से वित्त मंत्रालय में लाया गया।
दास 2015 से 2017 के दौरान आर्थिक मामलों के सचिव थे। वे वित्त आयोग के सदस्य और G-20 समिट में भारत के प्रतिनिधि भी रह चुके हैं।
उर्जित पटेल के इस्तीफे के बाद उन्हें 11 दिसंबर, 2018 को RBI गवर्नर नियुक्त किया गया था।
अंतरराष्ट्रीय मंच
कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं दास
दास विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक (ADB), न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) और एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) में भारत के वैकल्पिक गवर्नर के रूप में भी काम कर चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF), G-20, BRICS और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संघ (SAARC) जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
दास 2023 और 2024 में लगातार दो बार दुनिया के टॉप सेंट्रल बैंकर चुने गए थे।