ED ने प्रतिबंधित PFI से जुड़े 3 सदस्यों को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया
क्या है खबर?
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से जुड़े 3 कथित सदस्यों को शनिवार को दिल्ली में गिरफ्तार किया है।
तीनों को मनी लॉन्ड्रिंग के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। इनमें अब्दुल खादर पुत्तूर, अंशद बदरुद्दीन और फिरोज के शामिल हैं।
ED का कहना है कि ये PFI के लिए फिजिकल ट्रेनर के रूप में काम कर रहे थे। इन्हें शनिवार को ही गिरफ्तारी के बाद विशेष कोर्ट में पेश किया गया।
गिरफ्तार
एजेंसी ने हथियारों की ट्रेनिंग देने का आरोप लगाया
केंद्रीय जांच एजेंसी ने तीनों आरोपियों पर PFI कैडर को हथियार चलाने की ट्रेनिंग देने का आरोप लगाया है। एजेंसी का कहना है कि इसके लिए तीनों ने प्रतिबंधित संगठन से पर्याप्त धन प्राप्त किया था।
बता दें कि केंद्रीय जांच एजेंसियों की PFI के खिलाफ जांच जारी है। फरवरी में मध्य प्रदेश से 3 सदस्यों को सरकार के खिलाफ साजिश रचने और गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
प्रतिबंध
2022 में लगाया गया है संगठन पर प्रतिबंध
PFI एक चरमपंथी इस्लामिक संगठन है, जो खुद को पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हक में आवाज उठाने वाला संगठन बताता है।
PFI की शुरुआत 2006 में नेशनल डेवलपमेंट फ्रंट के उत्तराधिकारी के रूप में केरल में हुई थी। इसका मुख्यालय दिल्ली में था। कई सांप्रदायिक हिंसाओं में PFI का नाम आ चुका है।
सितंबर, 2022 में केंद्र सरकार ने PFI और इससे जुड़े संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया था और इसके कई प्रमुख नेताओं को गिरफ्तार किया था।