जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल में मिले कई अश्लील वीडियो
क्या है खबर?
जनता दल (सेकुलर) के पूर्व सांसद और बलात्कार के आरोप में जेल में प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल से कई अश्लील वीडियो मिले हैं। ये मोबाइल पिछले महीने क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने रेवन्ना की सेल से बरामद किया था। इसके अलावा एक चार्जर, एक पेन ड्राइव और एक नोटबुक भी जब्त की गई थी। अब फोन और पेन ड्राइव को फोरेंसिक जांच में दर्जनों अश्लील वीडियो और पेन ड्राइव में वेब सीरीज होने का खुलासा हुआ है।
छापा
क्राइम ब्रांच ने बरामद किया था मोबाइल
दरअसल, क्राइम ब्रांच ने 11 अगस्त को बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल में छापा मारा था। तब रेवन्ना को मोबाइल चलाते हुए पकड़ा गया था।
उसके पास से फोन, चार्जर, पेन ड्राइव और नोटबुक जब्त की गई थी।
इस मामले में पुलिस ने 11 सितंबर को 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि कुछ मोबाइल फोन जेल वार्डन और सिम कार्ड अंडरट्रायल कैदी के जरिए अंदर पहुंचाए गए थे।
मामला
बलात्कार के मामले में जेल में बंद है प्रज्वल
रेवन्ना को पिछले साल बलात्कार और एक 48 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में दोषी ठहराया गया था।
हासन जिले के होलेनरासीपुरा में रेवन्ना परिवार के फार्महाउस पर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से प्रज्वल रेवन्ना ने कई बार उसका बलात्कार किया।
इस दौरान प्रज्वल के सोशल मीडिया पर 2,000 से ज्यादा अश्लील वीडियो सामने आए थे।