अफगानिस्तान बनाम भारत: पहले टी-20 मुकाबले का प्रीव्यू और जरुरी आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। दूसरी तरह इब्राहिम जादरान के नेतृत्व वाली टीम पलटवार करना चाहेगी। आइए इस मुकाबले के प्रीव्यू और अन्य अहम बातों के बारे में जानते हैं।
भारत
भारत का पलड़ा रहा है भारी
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक दोनों टीमों की भिड़ंत में भारतीय टीम का वर्चस्व देखने को मिला है।
दोनों टीमों के बीच कुल 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिसमें से 8 में भारतीय टीम ने जीत (सुपर ओवर सहित) दर्ज की है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा था।
आखिरी बार दोनों टीमें टी-20 विश्व कप 2024 में आमने-सामने थी, जिसे भारत ने 47 रन से अपने नाम किया था।
भारत
ऐसी हो सकती है भारतीय टीम
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह की वापसी होने वाली है। वह टी-20 विश्व कप 2026 के बाद से कोई मैच नहीं खेले हैं।
वह गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आने वाले हैं।
बल्लेबाजों में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है और संजू सैमसन बेंच पर नजर आ सकते हैं।
संभावित एकादश: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।
अफगनिस्तान
इस संयोजन के साथ उतर सकती है अफगानी टीम
अच्छे ऑलराउंडर के चलते कागजों पर अफगानी टीम बेहद मजबूत नजर आ रही है।
मोहम्मद नबी और राशिद खान जैसे अनुभवी खिलाड़ी भारत की परिस्थितियों में अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे।
बल्लेबाजी में रहमानुल्लाह गुरबाज के ऊपर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
संभावित एकादश: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), गुलबदीन नैब, सेदिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन उल हक और फजलहक फारूखी।
पिच रिपोर्ट
कैसा है पिच का मिजाज?
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है।
तेज आउटफील्ड और छोटी सीमा रेखाएं बल्लेबाजों के पक्ष में जाती हैं।
इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। ऐसे में उन्हें विकेट निकालने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं।
हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 166 रन है।
यहां पर सर्वोच्च टीम स्कोर 221/9 (बनाम बांग्लादेश, 2024) है।
जानकारी
ऐसा रहेगा मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, मैच के दौरान बारिश का खलल देखने को मिल सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 13 सितंबर को दिल्ली में बारिश होने की 55 प्रतिशत संभावना है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
अफगानी कप्तान जादरान ने अब तक भारतीय टीम के विरुद्ध 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 5 ही पारियों में 38.75 की औसत और 108.39 की स्ट्राइक रेट के साथ 155 रन बनाए हैं।
ईशान किशन 2026 में 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 35.30 की औसत से 812 रन बना चुके हैं। वह अपनी फॉर्म का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
अर्शदीप ने अफगानिस्तान के खिलाफ 5 मैचों में 15.00 की औसत के साथ 8 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मैच 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से देखा जा सकता है। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर होगी। सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।