गणितज्ञों के साथ बढ़ा OpenAI का विवाद, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब मशहूर गणितीय समस्याओं के समाधान के साथ एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी हैं। वे अनसुलझी गणित की समस्याओं को हल करने का दावा कर रही हैं। यह गणितज्ञों के काम के लिए खतरा पैदा कर रहा है। इसको लेकर जाने-माने 25 गणितज्ञों ने एक खुला पत्र जारी किया है। इस पर हस्ताक्षर करने वाले हर व्यक्ति को 'फील्ड्स मेडल' मिला है, जिसे गणित के क्षेत्र का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है।
तर्क
गणितज्ञों ने दिया यह तर्क
पत्र में तर्क दिया गया कि AI कंपनियां अपने उत्पादों का प्रचार करने के लिए गणितीय शोध के लक्ष्यों के बारे में वैज्ञानिक रूप से गलत जानकारी फैलाने का अभियान चला रही हैं।
पत्र में यह भी कहा गया कि AI-आधारित घटिया गणित असल में शोध के क्षेत्र में कदाचार के बराबर है।
यह शोध करने वाले गणितज्ञों के काम का इस्तेमाल करके उनसे पहले ही समाधान निकाल लेती है, जबकि इससे विषय की समझ में कोई योगदान नहीं मिलता।
मामला
इस कारण हो रहा विवाद
यह सब उसी समय हुआ, जब OpenAI ने दावा किया कि उसने 'नेवियर-स्टोक्स प्रॉब्लम' को हल कर लिया है। यह तरल पदार्थों की गति का अनुमान लगाने से जुड़ा एक पुराना सवाल था।
गणितज्ञों ने न केवल समाधान पर सवाल उठाए, बल्कि इस घोषणा के कारण न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के गणितज्ञ ट्रिस्टन बकमास्टर और एंथ्रोपिक के लेवेंट अल्पोगे के साथ भी विवाद खड़ा हो गया।
दोनों ने कंपनी पर ट्रेनिंग डाटा के जरिए उनके काम का इस्तेमाल करने की आशंका जताई।