Page Loader
प्रज्वल रेवन्ना मामला: एक और पीड़िता की आपबीती, कहा- मां का बलात्कार किया, मेरे कपड़े उतरवाए
प्रज्वल रेवन्ना मामले में एक और पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है

प्रज्वल रेवन्ना मामला: एक और पीड़िता की आपबीती, कहा- मां का बलात्कार किया, मेरे कपड़े उतरवाए

लेखन आबिद खान
May 13, 2024
10:09 am

क्या है खबर?

कर्नाटक के हासन से जनता दल सेक्युलर (JDS) के सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना के सेक्स टेप मामले में एक और पीड़िता ने आपबीती सुनाई है। उसने कहा कि प्रज्वल ने 4-5 साल पहले अपने बेंगलुरु स्थित आवास पर उसकी मां के साथ बलात्कार किया था। बाद में उक्त महिला का भी यौन शोषण किया गया। विशेष जांच दल (SIT) के सामने पीड़िता ने प्रज्वल के खिलाफ विस्तृत बयान दर्ज कराए हैं।

बलात्कार

प्रज्वल ने पीड़िता और उसकी मां को दी धमकी

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, युवती ने आरोप लगाया कि 2020 और 2021 के बीच प्रज्वल ने उसे वीडियो कॉल का जवाब देने के लिए मजबूर किया। साथ ही उसे और उसकी मां को धमकी दी और उसे वीडियो कॉल पर कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया। महिला ने कहा, "प्रज्वल मुझे फोन करता था और अपने कपड़े उतारने के लिए कहता था। जब मैंने इनकार कर दिया तो उसने मुझे और मेरी मां को धमकी दी।"

आरोप

पीड़िता ने प्रज्वल के पिता पर भी लगाए यौन शोषण के आरोप

पीड़िता ने शिकायत में कहा, "एचडी रेवन्ना और प्रज्वल ने मेरी मां के साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न किया। प्रज्वल ने मेरा भी यौन शोषण किया। प्रज्वल मेरी मां को धमकी देता था कि अगर उसने सहयोग नहीं किया तो वह उसके पति यानी मेरे पिता की नौकरी छीन लेगा और उनकी बेटी यानी मेरा भी बलात्कार करेगा।" उन्होंने आगे कहा, "मेरी मां के साथ प्रज्वल ने बेंगलुरु के बसवनागुड़ी स्थित अपने आवास पर बलात्कार किया था।"

यौन शोषण

पीड़िता ने कहा- नौकरों के साथ यौन शोषण करता था प्रज्वल

पीड़िता ने आरोप लगाया कि प्रज्वल अपने आवास पर महिला नौकरों का यौन उत्पीड़न करता था। युवती ने कहा, "प्रज्वल लालच देकर महिला नौकरों का यौन उत्पीड़न करता था। मेरी मां का बलात्कार करता था। अब तक केवल 3 लोगों ने सामने आकर इन घटनाओं के बारे में सार्वजनिक रूप से बात की है। 3 और नौकरों ने इन अत्याचारों के बारे में बात नहीं की। उनका यौन शोषण भी किया गया है।"

सबूत

पीड़िता का दावा- प्रज्वल ने सबूत जलाए

पीड़िता ने कहा, "हमारे रिश्तेदार होने के बावजूद उसने मेरी मां को इतना परेशान किया कि वह 4-5 महीनों में एक बार घर आती थीं। वह हमसे मुश्किल से ही बात करती थीं। अब जब हमने उसे बेनकाब कर दिया है तो हमें धमकियां दी जा रही हैं। अगर हमारे साथ कुछ भी घटना घटती है तो इसका जिम्मेदार आरोपी का परिवार होगा। मामला दर्ज होने के प्रज्वल ने बसावनागुड़ी और होलेनारसिपुरा स्थित आवासों पर सारे सबूत जला दिए हैं।"

गिरफ्तारी

वीडियो प्रसारित करने के आरोप में 2 भाजपा नेता गिरफ्तार

SIT ने प्रज्वल से जुड़े अश्लील वीडियो लीक और प्रसारित करने के मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया। ये दोनों भाजपा कार्यकर्ता हैं, जिनके नाम चेतन और लिकिथ गौड़ा बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को येलागुंडा और श्रवणबेलगोला में उनके आवास पर पूछताछ के लिए ले जाया गया, जिसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। इससे पहले इसी आरोप में भाजपा नेता देवराज गौड़ा को गिरफ्तार किया गया था।

मामला

प्रज्वल अभी भी फरार

प्रज्वल के लगभग 3,000 सेक्स टेप सामने आए थे। इनमें से कई वीडियो में वे महिलाओं की मर्जी के बिना संबंध बनाते और फिल्माते हुए नजर आ रहे हैं। मामले की जांच SIT कर रही है, जिसने प्रज्वल और उनके पिता एचडी रेवन्ना के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए हैं। इस मामले में एचडी रेवन्ना 14 मई तक न्यायिक हिरासत में हैं तो प्रज्वल अभी भी फरार है। कथित तौर पर प्रज्वल जर्मनी भाग गया है।