दिल्ली होटल आगजनी: लापरवाही बरतने के आरोप में रसोइया गिरफ्तार
क्या है खबर?
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुई आगजनी के मामले में पुलिस ने रसोइए केशव नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि नेगी पर लापरवाही बरतने के आरोप हैं। नेगी के साथ-साथ कई अन्य लोगों को भी इस मामले में हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। होटल मालिक लवकेश बजाज को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
आरोप
नेगी के चूल्हा जलाते ही भड़की थी आग
NDTV ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि नेगी की लापरवाही के कारण आग तेजी से फैली। आग लगने के बाद नेगी अपनी जान बचाने के लिए होटल से भाग गए थे। घटना के बाद उन्होंने बताया था कि रसोई में बिजली का चूल्हा जलाते ही उसमें विस्फोट हो गया और आग लग गई। इसके बाद उन्होंने होटल का बिजली स्विच बंद किया और धुएं के बीच से बाहर भाग निकले।
पुलिस
नेगी द्वारा बिजली बंद करने से दरवाजे लॉक हुए
पुलिस जांच में पता चला है कि चूल्हे में विस्फोट के बाद नेगी ने बिजली बंद कर दी। इससे होटल के इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे लॉक हो गए और लोग अंदर फंस गए। होटल के बाथरूम में दरवाजा न खोल पाने के कारण एक पति-पत्नी की दम घुटने से मौत हो गई। बता दें कि इस भीषण घटना में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 13 विदेशी नागरिक हैं।