CJP-सरकार के बीच आज फिर वार्ता, दिल्ली में तैनात होंगे 2,000 CRPF जवान; जानें हर घटनाक्रम
क्या है खबर?
विरोध प्रदर्शन के बीच आज केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों के बीच एक अहम बैठक होने जा रही है। सरकार को उम्मीद है कि इस वार्ता में कुछ अहम सहमति बन सकती है। वहीं, दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह बीती रात मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की है। आइए प्रदर्शन से जुड़े अहम घटनाक्रम जानते हैं।
CRPF
पश्चिम बंगाल से दिल्ली लाई जा रहीं CRPF की 20 टुकड़ियां
केंद्र ने CJP और अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के विरोध-प्रदर्शनों और संसद के मानसून सत्र को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दिल्ली में CRPF की 20 और कंपनियों को तैनात करने का आदेश दिया है।
इन 20 टुकड़ियों को हवाई जहाज के जरिए पश्चिम बंगाल से दिल्ली लाया जा रहा है। CRPF की एक कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं। यानी 20 कंपनियों में 2,000 जवानों को दिल्ली में तैनात किया जाएगा।
FIR
हिंसा को लेकर 10 FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा को लेकर 10 FIR दर्ज की हैं। इनमें संसद मार्ग थाने में 4, कनॉट प्लेस में 3 और मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ थानों में एक-एक FIR दर्ज हुई है।
प्रदर्शनकारियों पर जवानों पर हमला, पथराव, तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं।
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि युवा FIR से डरने वाले नहीं हैं।
बैठक
वांगचुक के साथ बैठक में क्या हुई चर्चा?
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, वांगचुक के साथ हुई बैठक में चर्चा किए गए प्रमुख मुद्दों में से एक वांगचुक की यह मांग थी कि चल रहे छात्र आंदोलन पर संसद में चर्चा की जाए। इस पर सरकार ने सहमति व्यक्त की है।
एक सरकारी सूत्र ने कहा, "केंद्र सरकार बातचीत के माध्यम से समाधान खोजने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें एक समाधान की उम्मीद है। बातचीत के लिए हमारे दरवाजे खुले हैं।"
विपक्ष
संसद में काले कपड़े पहनकर पहुंच विपक्षी नेता
NEET परीक्षा में धांधली और पेपर लीक को लेकर कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी पार्टियों के सांसद आज संसद में काले कपड़े पहनकर पहुंचे हैं। संसद के मकर द्वार पर इन सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने बताया कि सभी विपक्षी सांसद प्रदर्शनकारी छात्रों और सांसदों पर पुलिस के इस्तेमाल के विरोध में काले कपड़े पहनकर आए हैं।
जानकारी
दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद किए गए
दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशनों को बंद किया गया है। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केन्द्रीय सचिवालय, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।