हीरो HF डीलक्स कैनवस ब्लैक की कीमत में जबरदस्त कटौती, जानिए अब कितनी हुई
क्या है खबर?
हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी HF डीलक्स के कैनवस ब्लैक एडिशन की कीमत में 7,635 रुपये कटौती कर दी है। हालांकि, इसका फायदा फिलहाल केवल 4 राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ही उठाया जा सकता है। कंपनी ने यह खुलासा नहीं किया है कि आगे इस ऑफर को क्या दूसरे राज्यों में भी लागू किया जाएगा या नहीं। यह मोटरसाइकिल होंडा शाइन 100, बजाज प्लेटिना 100 और TVS स्पोर्ट जैसे मॉडल्स से है।
बिक्री
पिछले कुछ महीनों में बिक्री घटी
हीरो HF डीलक्स लगातार देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक्स की शीर्ष-10 सूची में शामिल रही है। हालांकि, हाल के महीनों में इसकी बिक्री थोड़ी चिंताजनक रही है।
मार्च में बिक्री 85,088 रही, जो पिछले साल के इसी महीने में बिकी 91,821 की तुलना में 7.33 फीसदी की गिरावट है।
अप्रैल में 120.86 फीसदी की बढ़त मिली, जबकि मई में 38.09 फीसदी और जून में 56.09 फीसदी गिर गई। कीमत में कटौती गिरावट रोकने की कवायद नजर आती है।
कीमत
कितनी हुई बाइक की कीमत?
डीलक्स कैनवस ब्लैक में 97.2cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन (7.8PS/8.05Nm) और 4-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।
इसके मुख्य फीचर्स में मजबूत ट्यूबलर डबल क्रैडल फ्रेम, टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स, ड्यूल रियर शॉक एब्जॉर्बर और दोनों तरफ ड्रम ब्रेक्स शामिल हैं।
इसे जून, 2023 में 60,760 रुपये में लॉन्च किया था। तब से इसकी कीमत कई बार बढ़ाई गई है और यह 67,634 रुपये पर पहुंच गई। अब कटौती के बाद इसे 59,999 रुपये (एक्स-शोरूम) में खरीदा जा सकता है।