LOADING...
दिल्ली के होटल मालिक ने जमकर किया इन नियमों का उल्लंघन, लापरवाही ने ली 21 जान
दिल्ली के होटल मालिक लवकेश बजाज ने जमकर किया नियमों का उल्लंघन

दिल्ली के होटल मालिक ने जमकर किया इन नियमों का उल्लंघन, लापरवाही ने ली 21 जान

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2026
01:13 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मालवीय नगर में जिस फ्लोरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएंडबी) होटल में आग लगी थी, उसके मालिक लवकेश बजाज ने कानून और नियमों को ताख पर रख दिया था। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, बजाज ने होटल का लाइसेंस अपने अकाउंटेंट जय मिश्रा के नाम पर प्राप्त किया था, जो बजाज की अन्य संपत्तियों का भी प्रबंधन करते थे। बजाज ने पुलिस की पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) नहीं प्राप्त किया था।

नियम

2022 में खरीदी थी 3 मंजिला इमारत

रिपोर्ट के मुताबिक, साकेत निवासी बजाज ने 2022 में कपड़ों का व्यवसाय करने वाले व्यक्ति से यह इमारत खरीदी थी, तब यह संपत्ति 3 मंजिला इमारत थी। इसे खरीदने के बाद बजाज ने क्षेत्र में विदेशी मरीजों और मेडिकल टूरिस्टों की मांग को देखते हुए इसे बीएंडबी प्रतिष्ठान में बदल दिया। इसके बाद इस इमारत को 5 मंजिल में बदला गया और संपत्ति पहले 6 कमरों की थी, जिसे तोड़कर बेसमेंट सहित 26 कमरे बनाए गए।

नियम

अकाउंटेंट के नाम पर क्यों लिया लाइसेंस?

बीएंडबी लाइसेंस लेने के लिए सुविधा का स्वामित्व किसी निजी मकान मालिक के पास होना आवश्यक है। बजाज ने लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय, इस मानदंड को पूरा करने के लिए दस्तावेजों में दिखाया कि संपत्ति मिश्रा की है और वह वहां रहता है। सरकारी दस्तावेजों में भी होटल के मालिक का नाम जय मिश्रा दर्ज है, जिसका पंजीकरण 2 मई, 2027 तक वैध है। मिश्रा उत्तरी दिल्ली के रायपुर खुर्द में रहता है, जहां से वह फरार मिला।

Advertisement

दावा

NOC के लिए कभी आवेदन नहीं किया

इंडिया टुडे के मुताबिक, मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि बजाज ने स्वीकार किया कि उन्होंने इमारत के लिए अग्नि सुरक्षा NOC कभी प्राप्त नहीं किया और न आवेदन किया। होटल में अग्निशमन उपकरणों का भी अभाव था और सीलबंद खिड़कियों के साथ सेंसर से संचालित दरवाजे थे। दमकल अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा सुरक्षा नियमों के तहत यह संरचना अग्नि सुरक्षा NOC के लिए योग्य नहीं हो सकती है, संभवत: यह बात बजाज जानते थे।

Advertisement

जानकारी

2010 में शुरू हुई थी योजना

बीएंडबी योजना के तहत मकान मालिकों को अपने आवासों को पर्यटक आवास के रूप में पंजीकृत करने की अनुमति मिलती है। योजना 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान शुरू हुई थी। इसके लाइसेंस पर्यटन विभाग जारी करते हैं। दक्षिणी दिल्ली में 133 संपत्तियां पंजीकृत हैं।

Advertisement