जिम्बाब्वे बनाम भारत: पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड दौरे पर निराशाजनक प्रदर्शन किया था। टी-20 सीरीज में करारी शिकस्त झेलने के बाद अब भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे के लिए तैयार है। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम 23 जुलाई को हरारे में होने वाले पहले मैच से अपनी चुनौती पेश करेगी। दिलचस्प रूप से अय्यर ने अपनी कप्तानी में अब तक कोई टी-20 मैच नहीं जिताया है। आइए मैच से जुड़ी सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2010 में खेला गया था।
अब तक दोनों टीमों के बीच 14 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 11 मैच में जीत मिली है। 3 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
जिम्बाब्वे की धरती पर दोनों के बीच अब तक 12 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 9 मैच में जीत मिली है। 3 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
भारत
ऐसी हो सकती है भारतीय टीम
इंग्लैंड दौरे पर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला था।
इस दौरे पर संजू सैमसन उपलब्ध नहीं है और ऐसे में सूर्यवंशी के पास खुद को साबित करने का मौका होगा।
गेंदबाजी में नये चेहरे नजर आ सकते हैं।
संभावित एकादश: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और मयंक यादव।
जिम्बाब्वे
ऐसी हो सकती है जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे की टीम ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में शिकस्त झेली थी।
अब सिकंदर रजा की कप्तानी वाली टीम पिछली गलतियों से सबक लेकर इस सीरीज में उम्दा प्रदर्शन करना चाहेगी।
कप्तान रजा भी उपयोगी भूमिका निभाना चाहेंगे।
संभावित एकादश: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन कर्रन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तफद्जवा त्सिगा, तादिवानाशे मरुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारावा।
पिच
कैसा है पिच का मिजाज?
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच टी-20 क्रिकेट में संतुलित मानी जाती है।
यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग और उछाल मिल सकती है, जबकि बल्लेबाजों को अच्छे शॉट खेलने के लिए समय मिलता है।
जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी होने लगती है और स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 155 रन है।
टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
अभिषेक के आंकड़े जिम्बाब्वे के खिलाफ कमाल के हैं। उन्होंने 6 मैच की 5 पारियों में 177.22 की स्ट्राइक रेट से 179 रन बनाए हैं।
ब्रायन बेनेट को भारत के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ 6 पारियों में 152 की स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं।
तेज गेंदबाज मुजरबानी भारत के खिलाफ 26.12 की औसत के साथ 8 विकेट ले चुके हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मैच?
पहला टी-20 मैच 23 जुलाई को 4:30 बजे से हरारे में शुरू होगा। इस टी-20 मैच का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप पर उपलब्ध रहेगी।