दिल्ली होटल का मालिक 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया, घोर लापरवाही का आरोप
क्या है खबर?
दिल्ली की एक कोर्ट ने गुरुवार को मालवीय नगर में फ्लोरिश स्टे बेड-एंड-ब्रेकफास्ट होटल के मालिक लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने कोर्ट में हिरासत की मांग करते हुए कहा था कि आरोपी ने परिसर में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों का विवरण छिपाते हुए केवल 2 नाम बताए हैं। पुलिस ने कोर्ट के सामने आरोपी बजाज पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।
सुनवाई
कर्मचारियों को प्रभावित करने का आरोप
पुलिस ने कोर्ट में कहा कि घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए अभी उनको होटल के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ करनी है, ऐसे में आरोपी उन कर्मचारियों को प्रभावित कर सकता है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की फोरेंसिक जांच अभी बाकी है क्योंकि आग लगने के बाद अत्यधिक गर्मी के कारण जांचकर्ता इमारत में नहीं गए थे।पुलिस ने कहा कि आरोपी की पत्नी को लिखित में गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई थी।
पीड़ित
आरोपी ने खुद को भी पीड़ित बताया, दलील खारिज
आरोपी के वकील ने गिरफ्तारी की वैधता को चुनौती दी कि आरोपी और उनके परिवार को गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए गए और न ही सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का पालन किया गया। इस पर पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी के आधार और कारण आरोपी को लिखित रूप में दिए गए थे। आरोपी ने वकील ने कहा कि उनका मुवक्किल खुद पीड़ित है क्योंकि उसकी संपत्ति जलकर खाक होग गई है। हालांकि, कोर्ट ने यह दलील खारिज कर दी।
हादसा
21 लोगों को हुई है मौत
हौज रानी इलाके में मैक्स अस्पताल के सामने बने फ्लोरिश स्टे में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी, जिसके बाद होटल में फंसे 21 लोगों की मौत हो गई। इसमें 10 विदेशी नागरिक शामिल हैं। हादसे के समय कुछ लोगों ने पहली मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई। जांच में सामने आया कि होटल मालिक ने अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लिया था और उसने नियमों का उल्लंघन कर 6 की जगह 25 कमरे बनाए थे।