Page Loader
सिवन बोले- NASA से पहले ISRO ने लगा लिया था विक्रम लैंडर का पता

सिवन बोले- NASA से पहले ISRO ने लगा लिया था विक्रम लैंडर का पता

Dec 04, 2019
10:54 am

क्या है खबर?

हाल ही में भारत के चंद्रयान-2 मिशन के तहत भेजे गए विक्रम लैंडर से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई थी। मंगलवार को अमेरिकी स्पेस एजेंसी NASA ने कहा कि उसने विक्रम लैंडर का पता लगा लिया है। उसने इसकी तस्वीर भी जारी की थी। अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख ने कहा है कि चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने सितंबर में ही विक्रम का पता लगा लिया था। यह जानकारी ISRO की वेबसाइट पर भी डाली गई थी।

बयान

10 सितंबर को वेबसाइट पर दी गई थी विक्रम की जानकारी

सिवन ने कहा, "हमारे ऑर्बिटर ने विक्रम का पता लगा लिया था और हमने इसे वेबसाइट पर भी पोस्ट किया था। आप जाकर देख सकते हैं।" वेबसाइट पर देखने पर पता चलता है कि 10 सितंबर को ISRO ने वेबसाइट पर लिखा था, 'चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने विक्रम लैंडर का पता लगा लिया है। विक्रम से संपर्क करने के सभी मुमकिन प्रयास किए जा रहे हैं।' गौरतलब है कि 7 सितंबर को विक्रम का कंट्रोल रूम से संपर्क टूटा था।

ट्विटर पोस्ट

ISRO का 10 सितंबर का ट्वीट

NASA

NASA ने मंगलवार को जारी की थी विक्रम के मलबे की तस्वीर

NASA ने मंगलवार को जानकारी दी कि उसके लुनर रिकनसेंस ऑर्बिटर (LRO) में लगे कैमरे ने विक्रम लैंडर के मलबे की तस्वीर ली है। NASA ने इसकी जो तस्वीर जारी की थी, उसमें विक्रम लैंडर के मलबे के टुकड़े भी दिखाए गए थे। चांद की सतह पर क्रैश लैंडिंग के कारण विक्रम कई टुकड़ों में टूट कर बिखर गया। विक्रम लैंडर का पता लगाने में भारतीय इंजीनियर शानमुगा सुब्रमण्यन ने अहम में भूमिका निभाई थी।

चंद्रयान-3

चंद्रयान-3 मिशन की तैयारी में जुटा है ISRO

विक्रम की असफलता को भूलाकर ISRO अब चंद्रयान-3 मिशन पर जुट गया है। इस मिशन पर केवल चांद की सतह पर उतरने वाला लैंडर और सतह पर घूमकर प्रयोग करने वाला रोवर भेजा जाएगा। इन्हें चंद्रयान-2 के तहत भेजे गए ऑर्बिटर के जरिए कंट्रोल किया जाएगा। हालांकि, अभी तक इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ISRO ने चंद्रयान-3 मिशन का रोडमैप तैयार कर लिया है। इसे अगले साल के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।

बयान

चांद पर उतरने में कामयाब होगा ISRO- सिवन

कुछ दिन पहले ISRO प्रमुख सिवन ने कहा था कि ISRO दोबारा चांद पर उतरने की कोशिश करेगा। IIT दिल्ली में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, "मैं आपको भरोसा देता हूं कि ISRO अपना सारा अनुभव, ज्ञान और तकनीकी हुनर लगाकर भविष्य में चांद की सतह पर उतरने में कामयाब होगा।" उन्होंने कहा कि कहा कि अगर आप असफल नहीं हो रहे हैं तो इसका मतलब यह है कि आप मेहनत नहीं कर रहे हैं।