
इजरायल-हमास युद्ध: एयर इंडिया ने 18 अक्टूबर तक रद्द की तेल अवीव की उड़ानें
क्या है खबर?
इजरायल-हमास युद्ध के बीच अब एयर इंडिया ने 18 अक्टूबर तक तेल अवीव से आने और जाने वाली सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। पहले ये उड़ानें 14 अक्टूबर तक रद्द की गई थीं, जिसे अब बढ़ाकर 18 अक्टूबर कर दिया गया है।
विमानन कंपनी ने इस कदम के पीछे यात्रियों और केबिन क्रू की सुरक्षा का हवाला दिया है। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी PTI को इस बात की जानकारी दी है।
विशेष
फंसे भारतीयों को लाने के लिए विशेष उड़ानें जारी रहेंगी
एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा कि इस दौरान वो जरूरतों के आधार पर इजरायल में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने के लिए विशेष उड़ानें जारी रखेगी।
आमतौर पर एयर इंडिया दिल्ली से इजरायल के आर्थिक केंद्र तेल अवीव के लिए हफ्ते में 5 दिन उड़ानों का संचालन करती हैं। ये उड़ाने सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को संचालित की जाती हैं।
7 अक्टूबर को पहली बार एयर इंडिया ने उड़ानों को रद्द किया था।
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया ने नागरिकों को निकालने वाली उड़ानें रद्द की
युद्ध जैसी स्थिति के बीच ऑस्ट्रेलिया भी अपने नागरिकों को इजरायल से निकाल रहा है। शुक्रवार को पहली उड़ान में ऑस्ट्रेलिया ने 200 से ज्यादा लोगों को इजरायल से निकाला था।
हालांकि, शनिवार और रविवार के लिए प्रस्तावित निकासी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया ने इसके पीछे 'अत्यधिक चुनौतीपूर्ण और तेजी से बदलती स्थिति' को वजह बताया है। ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि वो अपने नागरिकों को निकालने के लिए उड़ान जारी रखेगा।
भारत
इजरायल से भारत ने 235 नागरिकों को निकाला
इजरायल में फंसे भारतीय नागरिकों को देश लाने के लिए भारत ने 'ऑपरेशन अजय' शुरू किया है। इसके तहत 13 अक्टूबर को पहली फ्लाइट में 212 भारतीय नागरिकों को भारत लाया गया था।
आज 235 भारतीय नागरिकों को लेकर दूसरी फ्लाइट दिल्ली पहुंची। अब तक भारत 447 नागरिकों को इजरायल से निकाल चुका है।
ऑपरेशन अजय के तहत कई और उड़ानों का संचालन किया जाएगा। बता दें कि इजरायल में करीब 18,000 भारतीय रहते हैं।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
इजरायल और हमास के बीच युद्ध 7 अक्टूबर से जारी है। तब हमास ने अचानक गाजा पट्टी से इजरायल पर 5,000 रॉकेट दाग दिए थे।
अब तक इस युद्ध में 4,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इजरायल में 1,300 लोग मारे गए हैं, जबकि 3,300 से ज्यादा लोग घायल हैं।
इजरायल की जवाबी कार्रवाई में गाजा पट्टी में 1,537 फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जबकि 6,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।