LOADING...
कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 5,000 के करीब, दिल्ली में 5 महीने के बच्चे की मौत
देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 4,866 पर पहुंच गई है

कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 5,000 के करीब, दिल्ली में 5 महीने के बच्चे की मौत

लेखन आबिद खान
Jun 05, 2025
05:55 pm

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बीते दिन 564 नए मरीज सामने आए हैं, जिसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या 4,866 पर पहुंच गई है। केरल सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहां बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 114 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 1,487 पर पहुंच गई है। केरल के बाद सबसे ज्यादा 562 सक्रिय मामले दिल्ली में हैं।

नए मामले

बीते दिन कहां-कितने मरीज सामने आए?

बीते दिन देश के 15 राज्यों में 564 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से 437 मरीज सिर्फ 4 राज्यों- केरल, दिल्ली, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में मिले हैं। केरल में 114, कर्नाटक में 112, पश्चिम बंगाल में 106 और दिल्ली में 105 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 19, बिहार में 9, गुजरात में 47, हरियाणा में 12, महाराष्ट्र में 16 और राजस्थान में 13 मरीज मिले हैं।

मॉक ड्रिल

देश के चुनिंदा अस्पतालों में आज मॉक ड्रिल

केंद्र सरकार आज देश के चुनिंदा अस्पतालों में मॉक ड्रिल करेगी। इस दौरान अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति, जरूरी दवाओं की स्थिति और वेंटिलेटर की व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि मामले बढ़ने पर अस्पताल कुशलतापूर्वक प्रतिक्रिया करने के लिए अच्छी तरह से तैयार रहें। वहीं, राज्यों को कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑक्सीजन, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

मौत

5 महीने के बच्चे समेत 7 मरीजों की मौत

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 7 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली और कर्नाटक में 2-2, जबकि महाराष्ट्र में 3 लोगों ने जान गंवाई है। दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित 5 महीने के बच्चे का निधन हो गया है, जबकि 87 वर्षीय बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। इस साल एक जनवरी से लेकर अब तक देश में कोरोना से 51 लोगों की मौत हो गई है।

Advertisement

राज्य

बढ़ते मामलों के बीच राज्य क्या कर रहे हैं?

केरल के अस्पतालों में मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। ​​​​​​जुकाम, खांसी और बुखार जैसे लक्षण वाले मरीजों को कोविड टेस्ट करवाना होगा। कर्नाटक के गुलबर्ग इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ने में 25 बेड का कोविड वार्ड बनाया गया है। उत्तराखंड सरकार ने अस्पतालों में ऑक्सीजन तथा जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। सिक्किम और हिमाचल प्रदेश में भी अस्पतालों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना, मास्क पहनना और सैनिटाइजर का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है।

Advertisement