
ये हैं कंगना रनौत के शो 'लॉक अप' के पांच कन्फर्मड प्रतिभागी
क्या है खबर?
कंगना रनौत के रियलिटी शो 'लॉक अप' का प्रसारण 27 फरवरी से ALT बालाजी और MX प्लेयर पर शुरू हो चुका है। इसका फॉर्मेट 'बिग बॉस' से मिलता-जुलता है।
पहली बार कंगना किसी रियलिटी शो को होस्ट कर रही हैं। फिल्ममेकर एकता कपूर इस शो की निर्माता हैं। शो में कई विवादित सेलिब्रिटीज नजर आएंगे। इसमें प्रतियोगियों को कैदियों के रूप में जेलों में बंद करके रखा जाएगा।
आइए शो के पांच कन्फर्मड प्रतिभागियों पर डालते हैं नजर।
#1
निशा रावल
अभिनेत्री निशा रावल 'लॉक अप' की कन्फर्मड प्रतिभागी हैं। शो को विवादास्पद हस्तियों की तलाश थी और इस मोर्चे पर निशा फिट बैठती हैं।
निशा ने पिछले साल उस समय सुर्खियां बटोरी थीं, जब उन्होंने अपने पूर्व पति और अभिनेता करण मेहरा पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया।
पिछले साल उनके निजी जीवन में काफी उथल-पुथल मचा था, जिसका मेकर्स फायदा उठाना चाहते हैं। 'लक्ष्मी तेरे आंगन की' और 'शादी मुबारक' जैसे टीवी शोज में वह काम कर चुकी हैं।
#2
करणवीर बोहरा
इस सूची में अगला नाम अभिनेता करणवीर बोहरा का है। कई फिल्में और टीवी शोज में उन्होंने अपने अभिनय का जौहर दिखाया है।
उन्होंने 'कसौटी जिंदगी की', 'नागिन 2' और 'कुबूल है' जैसे शोज में काम किया है। 'खतरों के खिलाड़ी 5' और 'बिग बॉस 12' में भी इन्होंने अपनी झलक दिखाई थी।
मेकर्स टीवी जगत में करणवीर की लोकप्रियता को भुनाना चाहते हैं। उन्हें इस शो में देखना रोमांचकारी अनुभव होगा।
#3
मुनव्वर फारूकी
कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी को भला कौन नहीं जानता। वह पिछले कुछ समय से विवादों में बने हुए हैं। कट्टरपंथियों की धमकियों की वजह से उन्हें पिछले साल कई शोज रद्द करने पड़े थे।
हिन्दू देवी-देवताओं के अपमान करने के आरोप में उन्हें एक महीने से अधिक जेल में गुजारना पड़ा था। 37 दिन जेल में बिताने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी थी।
मुनव्वर मेकर्स के लिए इस शो में पोस्टर बॉय साबित होंगे।
#4
पूनम पांडे
पूनम पांडे इस शो की अगली कन्फर्मड प्रतिभागी हैं। वह शो में अपने बोल्डनेस का तड़का भी लगाएंगी। विवादों के साथ-साथ उनकी बोल्ड छवि शो के फॉर्मेट के उपयुक्त है।
इससे पहले वह तब भी सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अभिनेत्री का निजी नंबर लीक कर दिया।
उन्होंने सचिन तेंदुलकर के साथ एक तस्वीर एडिट कर न्यूड सीन भी दिया था।
#5
बबीता फोगाट
इस फेहरिस्त में अगला नाम राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पहलवान बबीता फोगाट है। बता दें कि आमिर खान की 2016 में आई फिल्म 'दंगल' बबीता और उनकी बहन गीता फोगाट की कहानी से प्रेरित थी।
बबीता ने डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' से मनोरंजन के क्षेत्र में कदम रखा था। बबीता ने 2019 में अपने मंगेतर विवेक सुहाग के साथ नच बलिए में भाग लिया था।
उम्मीद है कि बबीता का भी शो में अलग रूप दिखेगा।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
हैदराबाद सिविल कोर्ट ने कंगना के शो 'लॉक अप' की रिलीज पर रोक लगा दी थी। शो पर कॉपीराइट के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। शो पर कॉन्सेप्ट चोरी का केस दर्ज हुआ था। अब खबर है कि मेकर्स ने कानूनी लड़ाई जीत ली।