सेंसर बोर्ड ने किया अक्षय कुमार की फिल्म 'सूर्यवंशी' को पास, मिला U/A सर्टिफिकेट
क्या है खबर?
अक्षय कुमार पिछले काफी समय से फिल्म 'सूर्यवंशी' को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म अब तक रिलीज हो चुकी होती, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से फिल्म की रिलीज में देरी हुई है।
यूं तो अक्षय कई फिल्मों में नजर आने वाले हैं, लेकिन उनकी फिल्म 'सूर्यवंशी' पर लंबे समय से दर्शकों की निगाहें टिकी हैं। खबर है कि उनकी इस फिल्म को U/A सर्टिफिकेट मिल गया है।
आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है।
मंजूरी
जीरो कट के साथ फिल्म को मिला U/A सर्टिफिकेट
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सूर्यवंशी' दिवाली के मौके पर 5 नवंबर को रिलीज होने वाली है। फिल्म सेंसर बोर्ड से जीरो कट के साथ पास हो चुकी है।
इस फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दिया गया है। लगभग डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है।
फिल्म का प्रमोशन भी शुरु किया जा चुका है। 21 अक्टूबर को 'सूर्यवंशी' का पहला गाना 'आइला रे' रिलीज किया जाएगा।
आगाज
पिछले साल मार्च में रिलीज होने वाली थी फिल्म
'सूर्यवंशी' पिछले साल मार्च में रिलीज होने वाली थी। टलते-टलते फिल्म की रिलीज अप्रैल, 2021 फाइनल की गई थी, लेकिन लॉकडाउन की वजह से फिल्म फिर से टल गई।
अब आखिरकार यह थिएटर में आ रही है। 'सूर्यवंशी' एक ऐसी फिल्म साबित हो सकती है, जो बड़ी संख्या में दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाएगी।
इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस को भी काफी उम्मीदें हैं। 'सिंघम' और 'सिम्बा' के बाद यह रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स की अगली फिल्म है।
जानकारी
'सूर्यवंशी' के लिए पहली बार साथ आए हैं अक्षय और रोहित
इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी पहली बार साथ आए हैं। दोनों ने इससे पहले किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया था।
'सूर्यवंशी' 3,200 स्क्रीन पर देशभर में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कैटरीना कैफ की जोड़ी नजर आएगी।
रोहित शेट्टी इस एक्शन फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं, वहीं, करण जौहर फिल्म के निर्माता हैं। रणवीर सिंह और अजय देवगन फिल्म में मेहमान भूमिका निभाने वाले हैं।
फिल्में
अक्षय की ये फिल्मेें भी हैं लाइन में
अक्षय फिल्म 'पृथ्वीराज' में मुख्य भूमिका में हैं। उन्हें फिल्म 'अतरंगी रे' में सारा अली खान और 'राम सेतु' में जैकलीन फर्नांडिज व नुसरत भरूचा के साथ देखा जाएगा।
वह फिल्म 'बच्चन पांडे' और 'रक्षाबंधन' में भी दिखने वाले हैं। फिल्म 'ओह माय गॉड 2' भी अक्षय के खाते से जुड़ी है।
अक्षय 'बेल बॉटम' के निर्माता जैकी भागनानी की दूसरी फिल्म 'सिंड्रेला' का भी हिस्सा हैं। वह जल्द ही प्रियदर्शन की एक फिल्म में भी नजर आ सकते हैं।